प्रयागराज ब्यूरो । : इस बार दीपावली पर शहर के सदियाबाद चांदपुर सलोरी मार्ग पर बसे ढाई से अधिक परिवार दीपावली पर्व नहीं मनाएंगे। पर्व नहीं मनाने के पीछे की वजह रोड चौड़ीकरण के लिए पीडीए मकान तोडऩे की दी गई घुड़की बताई गई। लगातार पिछले कई दिनों से लोग मकान बचाने के लिए धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। मकान तोड़े जाने की चेतावनी से नाराज व सहमें लोगों ने सार्वजनिक रूप से विरोध में प्रकाश पर्व नहीं मनाने का निर्णय लिया है। जिनके मकान चौड़ीकरण में तोड़े जाने हैं वह कई तरह के सवाल भी पीडीए अफसरों एवं सरकार से कर रहे हैं।

दायरे में हैं करीब ढाई सौ मकान
सदियाबाद चांदपुर सलोरी रोड किनारे बने सैकड़ों मकानों पर पीडीए ने लाल निशान लगा दिया है। महाकुंभ 2025 के लिए रोड चौड़ीकरण के लिए मकानों को
तोडऩे की घुड़की दी गई है। लोगों का कहना है कि इस रोड चौड़ीकरण की आंधी में 250 से अधिक मकान जमींदोज हो जाएंगे। करीब दो सौ मकानों का नामों निशान मिट जाएगा। इन मकानों में पुरुष महिलाएं व बच्चों समेत हजारों लोग जीविकोपार्जन करते हैं। कहना है कि कुल 18 मीटर रोड को चौड़ा करने के लिए हजारों लोगों को बेघर किया जाना न्यायोचित नहीं है। कई परिवार ऐसे हैं जिनकी इतनी क्षमता नहीं कि टूटने के बाद बचे हुए मकानों का रिपेयर करा सकें। जिनके पूरे मका चले जाएंगे दूसरा मकान बनवा पाना भी उनके लिए संभव नहीं होगा। मकान टूटने के डर से सभी सहमे हुए हैं। उनकी नींदें हमारा हो गई हैं। टेंशन में बाल बच्चे भी परेशान हैं। मंजीत निषाद, पंकज कुमार, लाली, दिनेश प्रताप सिंह, बृजेश उपाध्याय, चुन्नू, जिया, मुशीर नदीम आदि कहते हैं कि इस चौड़ीकरण के विरोध में सभी लोग दीपावली पर्व नहीं मनाने का निर्णय लिए हैं। सदिया बाद चांदपुर सलोरी मार्ग पर रविवार को एक भी दीप नहीं जलाए जाएंगे।


हम सब इस बार दीपावली नहीं मनाएंगे। जब हमारा घर ही पीडीए छीनने पर उतारू है तो पर्व की खुशी कैसे मनाएंगे। हम जिस घर में दीप जलाएंगे उसी को तोड़ दिया जाएगा। कई तो ऐसे परिवार हैं जिनका पूरा घर ही रोड चौड़ीकरण में चला जाएगा। यह सरकार और पीडीए महाकुंभ और चौड़ीकरण के नाम पर बेगुनाहों का मकान ढहाने पर तुली है।
मंजीत निषाद, चांदपुर सलोरी

महाकुंभ कोई पहली बार नहीं लगेगा। आज तक कभी किसी भी मकान को नहीं तोड़ा गया। पूरा कुंभ और महाकुंभ आसानी से बीत गया। फिर इस बार ऐसी कौन सी परिस्थिति है कि चौड़ीकरण के नाम पर हमारे मकान तोड़ दिए जाएंगे। बगैर मकान के सारे पर्व अर्थहीन हैं। ऐसे में हम दीपावली दुखी मन से कैसे मना सकते हैं। इस लिए हम सब पर्व को नहीं मनाएंगे।
संदीप पाल, चांदपुर सलोरी

महाकुंभ के नाम पर रोड चौड़ीकरण में करीब ढाई से तीन सौ मकान तोडऩे के लिए पीडीए निशान लगा चुका है। दर्जनों परिवारों का एक भी कमरा नहीं बच रहा। इस बार महाकुंभ मुसीबत बन कर आई है। इसलिए हम सब पर्व नहीं मनाएंगे।
ओम प्रकाश पाल, चांदपुर सलोरी

चौड़ीकरण में सदियाबाद चांदपुर सलोरी मार्ग पर बसे करीब दो सौ मकानों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। पीडीए मकानों को तोड़कर सड़क बनाएगा। सरकार व अधिकारियों को यह समझ नहीं आता कि रोड जरूरी है या लोगों के लिए छत। हम सब परिवार संग मकान टूटने से रोड पर आ जाएंगे। जबकि यदि पीडीए चाहे तो कछार से होकर रोड बना सकता है। जबरदस्ती घर छीने जा रहे हैं। इस लिए हम सब पर्व नहीं मनाएंगे।
अमितोष कुमार, चांदपुर सलोरी