-मस्जिदों में अकीदत के साथ अता हुई ईद उल अजहा की नमाज

-लोगों नें मांगी वतन में खुशहाली व भाई चारे की दुआएं

ALLAHABAD: ईद-उल-अजहा यानी कुर्बानी देकर अल्लाह को प्रसन्न करने का दिन। बकरीद के मौके पर फ्राइडे को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शहर के अलग-अलग मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अता की और देश में अमन चैन की दुआएं मांगी। इस खास मौके पर बड़ी संख्या में हिन्दुओं ने भी मुस्लिम भाइयों को बधाइयां दीं और बकरीद की खुशियां बांटी। इसके बाद कुर्बानी देने का सिलसिला शुरू हुआ। नमाज को देखते हुए शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।

गले मिलकर दी मुबारकबाद

बकरीद का पर्व लोगों को आपस में जोड़ता है। इसका नजारा भी देखने को मिला। बकरीद के मौके पर पुरुष कुर्बानी की तैयारी कर चुके थे तो महिलाएं घरों में पकवान के साथ तैयार थी। कुर्बानी के बाद तो जैसे घर-घर में पार्टी जैसे नजारा हो गया। हर किसी ने अपनी हैसियत के मुताबिक कुर्बानी दी। घरों में भी बकरीद को देखते हुए मेहमानों के लिए खास तरह के इंतजाम किए गए थे। घर पर कोई मुबारकबाद देने पहुंचे और पकवानों का लुत्फ उठाए बिना लौट जाए, यह न तो संभव था और न ही हुआ। दिल खोलकर लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया। इस मौके पर बच्चों के लिए खास इंतजाम था। उनके लिए मजिस्दों के बाहर तो मेला लगा ही था, उन्हें इंटरटेन करने के लिए तमाम अन्य साधन भी उपलब्ध कराए गए थे। बच्चों ने भी इस मौके का जमकर लुत्फ उठाया।

यंगस्टर्स ने ग्रुप में किया इंज्वाय

पर्व को लेकर यंगस्टर्स में भी क्रेज देखने को मिला। कई तो ऐसे थे, जो सिर्फ त्यौहार मनाने के लिए अपने घर पहुंचे थे। लंबे समय बाद यारों से मुलाकात हुई वह भी पर्व के मौके पर उन्होंने पहले खुदा की सुन्नत का फर्ज पूरा किया और निकल पड़े अपनी महफिल सजाने। वे ग्रुप में निकले और दोस्तों के घरों पर जाकर उन्हें बधाइयां दीं और फिर मस्ती करने निकल पड़े। सिटी के सिनेमा हॉल में भी बड़ी संख्या में यंगस्टर्स ने मूवी देकर बकरीद को सेलिब्रेट किया। सिटी के मॉल, सिनेमा हॉल में देर शाम तक मेले जैसा नजारा देखने को मिला। कोई मॉल में दिखा तो कोई सिनेमा हॉल में।

नमाज के लिए उमड़ी भीड़

बकरीद पर नमाज के अता करने के लिए सभी तैयारियां एक दिन पहले से ही पूरी कर ली गई थीं। ईदगाह रामबाग, जामा मस्जिद चौक, जामिया दारुस्लाम जेके आशियाना, शिया छोटी मस्जिद चक, शिया जामा मस्जिद, मस्जिद कारी हबीबुर्रहमान सब्जी मंडी, हबीबुल मस्जिद करेली, मस्जिद खानकाह, हलीमिया चक, जामा मस्जिद वसीहाबाद, शाही मस्जिद बहादुरगंज दायरा करैला मस्जिद, दायराशाह गुलाम अली, मस्जिद दायराशाह अजमल और मस्जिद हबीब सी ब्लाक करेली में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अता की।

मक्का हादसे में मरने वालों के लिए मांगी दुआएं

बकरीद की नमाज के बाद शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों में थर्सडे को मक्का में हुए हादसे के शिकार लोगों के लिए भी अकीदत मंदों ने दुआएं मांगी। इस दौरान लोगों ने मक्का हादसे में मारे गए लोगों के लिए और उनकी फैमली के लिए भी दुआएं मांगी।