प्रयागराज ब्यूरो ।पुलिस की सख्ती चोरों के आगे फेल हो जा रही है। हाल ये है कि अकेले एक चोर ने एक घंटे में छह ताले तोड़ दिए। इसके बाद करीब 13 लाख रुपये के गहने समेट ल्रिया। पूरा मामला सीसीटीवी फुटेज में कैद है। केस दर्ज हुए पांच दिन बीत चुके हैं मगर नैनी पुलिस चोर को अभी तक तलाश नहीं सकी है। पीडि़त परिवार अफसरों के चक्कर काट रहा है।

सीसीटीवी फुटेज में नजर आया चोर
कानपुर के रहने वाले शरद अग्रवाल पेटीएम कंपनी में मैनेजर हैं। शरद अग्रवाल नैनी यमुना विहार कालोनी में जेेपी यादव के मकान में किराए पर सेकेंड फ्लोर पर रहते हैं। शरद की पत्री सुगंधा अग्रवाल प्राइवेट कंपनी में काम करती हैं। 23 मार्च को सुबह शरद ने पत्नी सुगंधा अग्रवाल को उनके आफिस छोड़ा। इसके बाद दोपहर में घर आकर अटैची ली। शाम को शरद और सुगंधा दोनों कानपुर चले गए। 27 मार्च की रात शरद और सुगंधा वापस लौटे। दोनों घर पहुंचे तो वहां का हाल देख का माथा पीट लिया। कमरे में सारा सामान इधर उधर पड़ा था। आलमारी का ताला टूटा था। आलमारी में रखा करीब 13 लाख रुपये का गहना गायब था। चोर केवल गहने ले गया, अन्य कीमती सामान को उसने हाथ भी नहीं लगाया। शरद ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। घर में लगा सीसीटीवी फुटेज देखा।

एक घंटे में तोड़ दिया छह ताला
सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि अकेले एक चोर भोर में चार बजकर एक मिनट पर घुसा। पहले उसने मेन गेट का ताला तोड़ा। ग्राउंड फ्लोर और फस्र्ट फ्लोर के किराएदारों ने मकान खाली कर दिया था। ऐसे में दोनों फ्लोर खाली हैं। चोर मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसा। इसके बाद वह ग्राउंड फ्लोर में घुसा। ग्राउंड फ्लोर में ताला नहीं बंद था। यहां कुछ नहीं मिलने पर चोर फस्र्ट फ्लोर पर गया। दरवाजे का ताला तोड़कर वह अंदर दाखिल हुआ। यहां भी उसके कुछ नहीं मिला। इसके बाद चोर सेकेंड फ्लोर में पहुंचा। दरवाजे का ताला तोड़कर वह अंदर पहुंचा। इसी फ्लोर में शरद अग्रवाल रहते हैं। चोर ने अंदर बेडरूम में रखी आलमारी का ताला तोड़ा। फिर लाकर का ताला तोड़ा। लाकर के अंदर एक और लाकर का ताला तोड़ा। इस लाकर में करीब तेरह लाख रुपये के गहने थे। चोर ने गहने समेटे फिर चार बजकर सत्तावन मिनट पर वह मकान से बाहर हो गया। शरद ने 28 मार्च को नैनी कोतवाली में अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

पांच सौ मीटर दूर खड़ी की बाइक
नैनी पुलिस ने घटना को लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया तो पता चला कि चोर बाइक से आया था। उसने घटना स्थल से करीब पांच सौ मीटर दूर एक दुकान के पास अपनी बाइक खड़ी की। इसके बाद अकेले ही जेपी यादव के मकान पर पहुंचा। इसके बाद उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।


23 मार्च को कानपुर गए शरद।
24 मार्च की भोर में हुई चोरी
4.01 मिनट पर अंदर पहुंचा चोर
4.57 मिनट पर बाहर निकला चोर
56 मिनट में उड़ाए 13 लाख के गहने
1 चोर ने तोड़े छह ताले