प्रयागराज ब्यूरो । 19 जुलाई को गौसपुर करेली का मंजर याद करके आज भी लोग कांप उठते हैं। पारिवारिक विवाद में एक युवक ने अपनी मां और बहन को चाकू से गोदकर मार डाला था। पिता को मरणासन्न कर दिया था। भाई और भाभी को जान से मार देने की साजिश रची थी। घर पहुंची पुलिस पर तेजाब से हमला किया था। जिसमें दर्जनों पुलिस वाले घायल हो गए थे। मामले में आरोपित समेत तीन गिरफ्तार कर जेल भेजे गए मगर अभी तक आरोपित की पत्नी को करेली पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस का कहना है कि अभी विवेचना चल रही है।
आरिफ के सिर पर सवार था खून
करेली गौसपुर के रहने वाले कादिर के दो बेटे आजम और आरिफ हैं। आरिफ छोटा है। आरिफ और उसके घरवालों में कई साल से पारिवारिक विवाद चल रहा था। 19 जुलाई को करीब 11 बजे आरिफ के सिर पर खून सवार हो गया। उसने अपने भाई आजम और उसकी बीवी शबाना को जान से मारने की कोशिश की। दोनों ने भाग कर खुद को कमरे में बंद कर लिया। इस दौरान विरोध करने पर आरिफ ने अपनी मां अनीशा पर चाकू से हमला कर दिया। अनीशा खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। बहन आफरीन ने आरिफ को रोकने की कोशिश की तो आरिफ ने उसे भी नहीं बख्शा। आरिफ ने चाकू से कई वार बहन आफरीन पर कर दिया। दोनों जब मरणासन्न हो गईं तो विरोध करने पर पिता कादिर पर भी हमला कर दिया। मौके पर ही अनीशा और आफरीन की मौत हो गई।

पुलिस पर तेजाब से हमला
आजम ने पुलिस को सूचना दी। हमले की सूचना पर दो सिपाही पहुंचे। मगर दोनों सिपाहियों को जान बचाकर भागना पड़ा। आरिफ ने छत के ऊपर से दोनों सिपाहियों पर तेजाब से भरी शीशियां फेंक दी। दोनों सिपाही भागकर दूर पहुंचे इसके बाद थाने में सूचना दी। करेली के तात्कालीन थानेदार रामाश्रय यादव पहुंचे तो उन्हें भी भागना पड़ा। पूरी तैयारी के साथ छत पर खड़े आरिफ ने एक एक कर कई शीशियां तेजाब की पुलिस पर फेंकी तो पुलिस पीछे हट गई। इसके बाद एसीपी श्वेताभ पांडेय अतरसुइया, खुल्दाबाद, धूमनगंज और शाहगंज की फोर्स लेकर पहुंचे। मगर आरिफ तेजाब की शीशियां पुलिस पर फेंकता रहा। इस दौरान आरिफ ने अपने घर के अंदर आग भी लगा दी। फायर ब्रिगेड के सीएफओ आरके पांडेय कई दमकल लेकर पहुंचे। आरिफ ने फायर ब्रिगेड पर हमला किया तो उसे रोकने के लिए फायर टेंडर चलाए गए। इस दौरान एसीपी श्वेताभ पांडेय ने रबर बुलेट चलाई तो आरिफ कंट्रोल में आया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मां और बहन की मौत हो चुकी थी। पिता कादिर को एसआरएन में भर्ती कराया गया।
तीन की हुई गिरफ्तारी
मामले में चार लोग आरोपी बनाए गए। मुख्य आरोपित आरिफ, दो अन्य दुकानदार जिन पर आरिफ को तेजाब मुहैया कराने का आरोप है उनको गिरफ्तार किया गया। मगर चौथी आरोपित आरिफ की पत्नी नौशी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। मामले में करेली पुलिस का कहना है कि अभी विवेचना चल रही है। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

तीन सौ शीशी तेजाब बरामद
घटना के बाद तीसरे दिन तक आरिफ के कमरों से तेजाब की शीशियां बरामद की जाती रहीं। पुलिस ने पहले से लेकर तीसरे दिन तक करीब तीन सौ शीशियां तेजाब की बरामद की थीं। पूछताछ में आरिफ ने पुलिस को बताया था कि वह अपने भाई और भाभी को तेजाब डालकर मार डालना चाहता था।