502, 2015 में उत्तीर्ण हुए थे इंटरमीडिएट की परीक्षा में

501, 2016 में उत्तीर्ण हुए थे इंटरमीडिएट की परीक्षा में

साल 2015 और 2016 में 91 फीसदी से अधिक अंकों के साथ इंटर उत्तीर्ण करने वालों को बांटा गया

83 फीसदी तक अंक पाने वालों को दूसरे चरण में बांटा जाएगा

ALLAHABAD: पिछले दो सालों में इंटरमीडिएट की परीक्षा में बेहतरीन परफारमेंस देने वाले छात्र-छात्राओं के लिए शुक्रवार का दिन शुभ रहा। उन्हें प्रयाग संगीत समिति में आयोजित प्रोग्राम में सरकार की ओर से मुफ्त लैपटॉप का वितरण किया गया। कुल एक हजार से अधिक छात्रों को इसका लाभ मिला। शुक्रवार को आयोजित प्रोग्राम में सिर्फ उन्हीं छात्रों को बुलाया गया था जिन्होंने 91 फीसदी या उससे अधिक मा‌र्क्स सिक्योर किया था। हालांकि लैपटॉप का वितरण 83 फीसदी तक अंक पाने वाले सभी छात्रों को किया जाना है। लेकिन, यह वितरण होगा कब? इस पर स्थिति साफ नहीं है।

कमिश्नर डीएम ने किया वितरित

कमिश्नर राजन शुक्ला व डीएम संजय कुमार ने शुक्रवार को प्रयाग संगीत समिति में आयोजित कार्यक्रम में मेधावियों को लैपटॉप वितरित किया। इस दौरान यूपी बोर्ड की 2015 इंटरमीडिएट के 502 और 2016 में उत्तीर्ण 501 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिया। इस मौके पर कमिश्नर ने कहा कि लैपटॉप के माध्यम से छात्रों को नई तकनीक की जानकारी मिलेगी। उन्होंनें कहा कि लैपटॉप तेजी से पढ़ने का अवसर देगा लेकिन यह अवसर उन्ही को मिलेगा जिनके पास हौसला होगा।

लैपटॉप का यूज आगे बढ़ने में करें

डीएम ने कहा कि वर्तमान इलेक्ट्रानिक युग में पूरा बाजार लैपटॉप से पटा है। यह जिम्मेदार छात्र-छात्राओं की है कि इसका उपयोग आगे बढ़ने के लिए करें। उन्होंने कहा कि तकनीक के सकारात्मक और नकारात्मक पहलू होते हैं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पहलू आपको नई जिंदगी प्रदान करेगा। यह चलता फिरता टूल है और इसका सदुपयोग करिए। लैपटॉप पाने के बाद छात्रों के चेहरे खिले रहे। उन्होंने कहा कि छात्रों को इस उपहार से अपना करियर संवारने का नया मौका मिलेगा। जिसका सकारात्मक सदुपयोग करना उनके लिए प्राथमिकता से कम नही है। इस मौके पर एडीएम सिटी पुनीत शुक्ला, संयुक्त शिक्षा निदेशक महेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इन बच्चों को मिला लैपटॉप

कार्यक्रम में जवाहर लाल इंटर कॉलेज ज्वालापुर चांदोपारा के छात्र-छात्राओं को शिक्षक वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में लैपटॉप प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि गंगापार हंडिया तहसील में वर्ष 2016 के उत्तीर्ण वंदना सिंह और आदित्य कुमार व 2015 के अनुपमा सिंह, दीक्षा, सुप्रिया द्विवेदी व जहां आरा ने लैपटॉप प्राप्त किया। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के कुल 35 छात्रों को लैपटॉप मिला। इसमें से 25 ने इसी साल इंटर पास किया है और 10 पिछले साल के हैं।

लैपटॉप मिल जाने से हमें घर पर भी चीजों से अपडेट होने में मदद मिलेगी। नई चीजों के बारे में आनलाइन पता चल जाएगा।

सुप्रिया द्विवेदी

यह किसी भी छात्र की बेहतरीन मदद है। इससे हमारी शिक्षा का स्तर अच्छा होगा। हम इसका बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करेंगे।

आदित्य कुमार

लैपटाप मिलने के बाद हौसला बुलंद हुआ है। अब बहुत सारे कामों के लिए हमें साइबर कैफे नहीं जाना होगा। सरकार को धन्यवाद।

अनुपमा सिंह