- रात से गुल बिजली दूसरे दिन शाम छह बजे तक रही ठप

- ट्रांसफार्मर फुक जाने का हवाला देते रहे अधिकारी

PRAYAGRAJ: एक तरफ सरकार प्रदेश में 24 घंटे बिजली सप्लाई देने का दावा कर रही है। लेकिन हकीकत इससे ठीक उलटा है। सिटी के कल्याणी देवी उपकेंद्र के दरियाबाद एरिया में 18 घंटे से अधिक समय तक सप्लाई ठप रहने से लोगों का धैर्य जवाब दे गया। जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी तरह स्थिति को काबू कर मामले को शांत कराया गया।

फूंक गया था ट्रांसफार्मर

दरियाबाद एरिया में लगे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर शनिवार देर रात 12 बजे धू-धू कर जल गया। जिसके चलते दौ सौ अधिक घरों में अंधेरा छा गया। रविवार दोपहर दो बजे तक बिजली नदारद रहने पर मोहल्ले का टोला उपकेंद्र जा पहुंचा। तकरीबन सौ से अधिक लोगों की भीड़ ने उपकेंद्र पर जमकर हंगामा किया। लोगों का हंगामा देख मौके पर पहुंचे एसडीओ और जेई ने ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य शुरू कर दिया। घरों में लगे इनवर्टर ने भी काम करना बंद कर दिया। वहीं पानी के संकट से भी लोगों को जूझना पड़ा। रविवार शाम छह बजे तक काम पूरा होने के बाद बिजली सप्लाई बहाल की जा सकी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी मिलते ही जेई और कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया। नया ट्रांसफार्मर बदलवाकर सप्लाई बहाल की गई। संडे होने की वजह से थोड़ी देरी से ट्रांसफार्मर मिला। जिसके चलते बदलवाने व लगाने में शाम छह बज गया।

संजीव कुमार, एसडीओ कल्याणी देवी उपकेंद्र