प्रयागराज (ब्यूरो)एक महिला अपनी तीन माह की बेटी को छोड़कर आत्महत्या करने निकल पड़ी। पति से झगड़े के बाद महिला को सिर्फ यह समझ आ रहा था कि अब जीवन जीना व्यर्थ है। वह आगा पीछा सब भूल गई। यहां तक कि तीन माह की दुधमुंही बेटी का क्या होगा उसने यह भी नहीं सोचा। गुस्से की आग में ममता का दामन भी झुलस गया। पत्नी को घर में न पाकर पति थाने पहुंच गया। पति की बात सुनकर थानेदार ने तत्काल तीन टीम महिला की खोज में लगा दी। महिला चार घंटे में संगम नोज से बरामद कर ली गई। अगर पुलिस कुछ देर से पहुंचती तो महिला आत्महत्या कर लेती। थाने में पति पत्नी में सुलह कराकर दोनों को घर भेज दिया गया।

छोटी छोटी अनबन ने ले लिया बड़ा रूप
दारागंज थाना क्षेत्र के अलोपीबाग में पीडीए की कॉलोनी है। कॉलोनी में जितेश कुमार अपनी पत्नी ऐली मीचू और तीन माह की बेटी रीनी मीचू के साथ रहते है। करीब दो साल पहले दोनों की शादी हुई। जितेश मीचू प्राइवेट टीचर हैं। करीब तीन माह पहले जितेश पिता बने। उनके घर बेटी का जन्म हुआ। दोनों बेटी पाकर बहुत खुश हुए। दोनों ने एकराय होकर अपनी बेटी का नाम रीनी रखा। दोनों ने बेटी की देखभाल में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।

बेटी की देखरेख में हुई अनबन
जितेश और ऐली के बीच शादी के दो साल में कभी भी झगड़ा नहीं हुआ। मगर बेटी के पैदा होने के एक महीने के बाद पहले रोज झगड़ा शुरू हुआ, इसके बाद झगड़ा इस कदर बढ़ा कि बात बात पर बहस होने लगी। इसके बाद जोरदार बहस के साथ मरने मारने की बात शुरू हो गई। दरअसल, पति पत्नी के बीच झगड़े की जड़ बेटी की देखरेख बन गई। हुआ ये कि ऐली अपनी बेटी को हमेशा ठंडा दूध पिलाती थी। वह गर्म दूध को फूंक कर ठंडा कर देती थी। यह देख कर जितेश को गुस्सा आ जाता था। जितेश पत्नी से दूध को फूंक कर ठंडा करने से मना करता था। महज इस बात को लेकर दोनों के बीच शुरू हुआ झगड़ा मरने मर जाने तक पहुंच गया।

साढ़े सात बजे गुम हो गई महिला
बुधवार सुबह ऐली अपनी बेटी रीनी को दूध पिला रही थी। वह फूंंक कर दूध ठंडा कर रही थी। इसी बात को लेकर जितेश और उसकी पत्नी में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि दोनों के लडऩे की आवाज पड़ोसियों तक जाने लगी। इस बीच जितेश गुस्से में दूसरे कमरे में चले गए। इधर, गुस्से में आकर ऐली बेटी को बेड पर छोड़ कर घर से निकल पड़ी। कुछ देर में जब जितेश बाहर जाने के लिए निकले तो दूसरे कमरे में पहुंचे। वहां बेटी अकेले बेड पर पड़ी रो रही थी। जितेश को निकलना था ऐसे में वह पत्नी ऐली को आवाज लगाने लगे। पत्नी की आवाज नहीं आने पर वह परेशान हो गए। वह बेटी को लेकर बाहर निकले। जितेश को आवाज लगाता देख पड़ोसियों ने बताया कि ऐली तो अभी पैदल ही बाहर की ओर जा रही थी। इस पर जितेश ने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया। मगर ऐली ने कॉल रीसिव नहीं की। कई बार कॉल नहीं रीसिव होने के बाद अचानक मोबाइल बंद हो गया। जितेश अनहोनी की आशंका से घबरा गए।

पुलिस हो गई एक्टिव, शुरू हुई तलाश
सुबह के करीब आठ बजे जितेश दारागंज थाने पहुंच गए। जितेश के पहुंचने के कुछ देर पहले ही थानेदार बृजेश गौतम थाने पहुंचे थे। जितेश ने थानेदार को आपबीती बताई। इस पर आनन फानन में थानेदार बृजेश गौतम ने दारोगा अरविंद यादव, दारोगा मारुति नंदन तिवारी, दारोगा नाहर सिंह, सिपाही पवन कुमार, सिपाही मुकेश कुमार, सिपाही ज्योति रानी, मीनू कुमारी, रीना पटेल की तीन टीम बनाकर खोजबीन के लिए रवाना कर दिया। इसके बाद सर्विलांस टीम को ऐली का मोबाइल नंबर दे दिया। तो सर्विलांश टीम भी एक्टिव हो गई। सर्विलांश टीम ने बताया कि महिला अभी अलोपीबाग में ही है। इस पर तीनों टीमों ने आपरेशन त्रिनेत्र के तहत कालोनी से बाजार में जाने वाले रास्तों में लगे सीसीटीवी चेक करना शुरू कर दिया। कालोनी के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि महिला अलोपी मंदिर की ओर गई है। इसके बाद टीम ने आगे की कई दुकानों की फुटेज चेक की। महिला के परेड ग्राउण्ड की ओर जाने की जानकारी सीसीटीवी फुटेज से लगी। इसके बाद तीनों टीम महिला की फोटो अपने मोबाइल में लेकर परेड गाउण्ड में घूमने लगी। करीब 12 बजे दो टीम महिला को तलाश करते हुए संगम नोज पहुंची। वहां घाट के पास बैठकर महिला आलआउट का ढक्कन खोलने का प्रयास कर रही थी। पुलिस के मुताबिक महिला आलआउट लेकर गई थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह आलआउट पीने के बाद गंगा में कूद जाती। मगर समय रहते पुलिस टीम ने उसे खोज लिया। सूचना पर थानेदार बृजेश गौतम पति बृजेश को लेकर संगम नोज पहुंच गए। दोनों को वापस थाने लाया गया। महिला हेल्प डेस्क ने दोनों के बीच सुलह समझौता करा दिया।

पति ने पत्नी के गुम होने की सूचना दी। महिला की खोज के लिए तीन टीम बनाई गई। आपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला गया। महिला को संगम नोज से बरामद कर लिया गया। महिला आलआउट पीकर आत्महत्या के इरादे से संगम नोज पर बैठी थी। दोनों के बीच समझौता करा दिया गया।
बृजेश गौतम, थाना प्रभारी दारागंज

7.30 पर महिला निकली घर से।
8.00 बजे पति ने दी थाने में सूचना
03 दारोगा की अलग अलग बनाई टीम।
8.15 पर तीनों टीमें हो गई रवाना।
06 दुकानों के देखे गए सीसीटीवी फुटेज
12 बजे महिला मिली संगम नोज पर