प्रयागराज ब्यूरो । ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि 22 जनवरी को मृगशिरा नक्षत्र लग रहा है। इस दिन होने वाला बच्चा सर्व गुण संपन्न होगा। जैसे किसी नक्षत्र में चार चरण होते हैं। जिनमें दो में वृषभ और दो चरण में मिथुन राशि होगी। इन दोनों राशियों के स्वामी शुक्र और बुध ग्रह हैं। जिनकी वजह से बालक आकर्षक, ऊर्जावान, निरोग और संगीत प्रेमी होगा। उसका सामाजिक जीवन बेहतर होगा और वह सामाजिक व्यक्ति होगा। इसी तरह के गुणों को देखते हुए दंपति चाहते हैं कि उनका बच्चा 22 जनवरी को इस धरती पर जन्म ले।

कहां कितने बच्चे लेंगे जन्म

देखा जाए तो जिले की सीएचसी-पीएचसी मिलाकर लगभग डेढ़ सौ बच्चे प्रतिदिन जन्म लेते हैं। प्रत्येक तीन से चार बच्चों का एवरेज प्रतिदिन का है। साथ ही डफरिन में रोजाना आधा दर्जन से अधिक बच्चे पैदा होते हैं। इनमें से पांच बच्चे तो सीजेरियन होते हैं। यहां भी एक से दो प्लांड सीजेरियन हो सकते हैं। साथ ही शहर के प्राइवेट नर्सिंग होम्स में सौ के आसपास सीजेरियन बच्चे 22 जनवरी को जन्म लेने वाले हैं। इसकी तैयारी भी की जा रही है। इस तरह से एक दिन में दो सौ से अधिक बच्चों का जन्म होगा। जिनके घर बच्चा पैदा होगा वह खुद को खुशनसीब मान रहे हैं।

इनकी खुशी का नही है ठिकाना

धूमनगज के रहने वाले राजू की वाइफ संगीता की डिलीवरी इसी माह के अंत तक होनी है। दोनों ने मिलकर फैसला किया है कि वह 22 जनवरी को सीजेरियन बच्चे को जन्म देंगे। इसके लिए उन्होंने एक निजी अस्पताल में बातचीत भी कर ली है। इसी तरह मुट्ठीगंज निवासी राजीव और उनकी वाइफ दीपमाला ने भी इसी दिन बच्चे को जन्म देने का फैसला किया है। इसके लिए वह नजदीक के एक निजी अस्पताल से संपर्क भी कर चुके हैं।

कुछ दंपतियों ने मुझसे संपर्क किया है कि वह 22 जनवरी को बच्चा पैदा करना चाहते हैं। फिलहाल उनकी मेडिकल हिस्ट्री देखी जा रही है। लोगों की चाहत है कि मृगशिरा नक्षत्र में उनके यहां भगवान श्रीराम की छवि वाले बच्चे का जन्म हो।

डॉ। सोनिया सिंह, निदेशिका, नारायण स्वरूप अस्पताल धूमनगंज

हमारे धर्म में मृगशिरा नक्षत्र को पवित्र और शुभ माना जाता है। 22 जनवरी को यही नक्षत्र है। जिसमें सभी शुभ कार्य किए जा सकते हैं। इस नक्षत्र में जन्म लेने वाला बच्चा सर्वगुण संपन्न और निरोग होगा। वह समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन भी करेगा।

पंडित बालकृष्ण त्रिपाठी, ज्येातिषाचार्य