-फूलपुर एरिया में मिली महिला की बॉडी

-कई दिनों पुरानी हो चुकी थी बॉडी, जानकर भी बना चुके थे शिकार

-नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने दर्ज की हत्या की रिपोर्ट

PHOOLPUR (15 Dec JNN): क्या वह आनर किलिंग की शिकार हो गई ? क्या उसे अपनों ने ही मार डाला? कहीं ऐसा तो नहीं कि वह लव ट्रिएंगल में फंस गई? या फिर उसे बाहर से लाकर यहां मार दिया गया? कुछ तो है। वरना महिला के गायब होने के बाद भी पुलिस के पास कोई कंप्लेन नहीं पहुंची। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सराय घूरदास उर्फ महजुदवा गांव में सोमवार को सिवान में पुआल के ढेर के नीचे जब महिला की बॉडी मिली तो पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली। पुलिस को यकीन है कि उसे मार कर यहां बॉडी ठिकाने लगाई है। पुलिस इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई है।

सुबह हुई जानकारी

सराय घुरदास उर्फ महजुदवा निवासी रमेश दुबे के खेत में पुआल का ढेर रखा हुआ था। उन्होंने पुआल को गांव के ही एक व्यक्ति के हाथ बेंच दिया था। सोमवार को खरीद दार बोझ की गिनती कर रहा था। इसी बीच पुआल के ढेर के नीचे एक अज्ञात महिला की लाश दिखाई दी। बॉडी देखकर वह दंग रह गया। उसने इसकी जानकारी गांव वालों को दी। उसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को हुई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बॉडी की पहचान के लिए गांव वालों को बुलाया गया लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए बॉडी को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चाकू और शराब की बोतल

पुलिस को घटना स्थल पर एक चाकू, शराब की खाली बोतल व प्लास्टिक की गिलास बरामद हुई। मृत महिला की कमर के ऊपर तक लाश पूरी तरह से सड़ गई थी। जिसमें कीड़े लग गये थे। महिला के एक हाथ की कलाई में पूरी चूड़ी तथा दो कंगन था दूसरा हाथ जिसकी हड्डी ही बची थी। उसके दोनों पैर में पायल भी था।

तेजाब फेंकने की चर्चा

लाश को देखने पर लोगों का कहना था कि इसे मार कर इसके ऊपर तेजाब डाल दिया गया होगा। जिससे इसके शरीर के ऊपर के भाग की पहचान न की जा सके। घटना स्थल पर तरह तरह की चर्चा हो रही थी। हालांकि इस संगीन केस में पुलिस की कमी भी नजर आई। पुलिस ने महिला की अज्ञात बॉडी मिलने के बाद भी जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट को नहीं बुलाया।