प्रयागराज (ब्यूरो)डेढ़ सौ साल का इतिहास समेटे है नैनी जेल, नई जिला जेल में जल्द शिफ्ट होंगे अंडर ट्रायल कैदी
नैनी सेंट्रल जेल में अब केवल सजायाफ्ता कैदी ही रहेंगे। जल्द ही नई जिला जेल में कैदियों को शिफ्ट किया जाएगा। नई जिला जेल में अंडर ट्रायल कैदियों को रखा जाएगा। इससे नैनी सेंट्रल जेल में कैदियों का लोड कम हो जाएगा। अभी हाल ये है कि सेंट्रल जेल में तय संख्या से ज्यादा कैदी बंद हैं। इसके बाद भी जैसे तैसे कैदी रखे जा रहे हैं। नई जिला जेल बनकर तैयार हो गई है। अगले चार से छह दिनों में कैदियों की शिफ्टिंग का काम शुरू हो जाएगा।
डेढ़ सौ साल पुरानी है सेंट्रल जेल
नैनी सेंट्रल जेल डेढ़ सौ साल पुरानी है। इसे अंग्रेजों ने बनवाया था। जब यह जेल बनी थी तो यहां पर आजादी आंदोलन के कैदियों को रखा जाता था। नैनी सेंट्रल जेल 1872 में बनी थी।

अपने में इतिहास समेटे है सेंट्रल जेल
नैनी सेंट्रल जेल अपने में ढेर सारा इतिहास समेटे हुए है। यहां पर अंग्रेजी शासन काल में आजादी के दीवानों को कैद किया जाता था। आजादी के दीवानों में पंडित जवाहर लाल नेहरू, महामना मदन मोहन मालवीय, पुरुषोत्तम दास टंडन, पूर्व प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री को कई कई महीने यहां पर कैद किया गया था।

माफिया से लेकर आतंकवादी तक
देश की आजादी के बाद तात्कालीन सरकार ने इसे सेंट्रल जेल का दर्जा दे दिया। इसके बाद यहां पर अपराधी रखे जाने लगे। नैनी सेंट्रल जेल में माफिया अतीक अहमद, माफिया डॉन बबलू श्रीवास्तव, माफिया दिलीप मिश्रा रह चुके हैं। इसके अलावा जम्मू के कई आतंकवादी भी इस जेल में कैद रह चुके हैं।

बीस साल से थी जिला जेल की डिमांड
नैनी सेंट्रल जेल में कैदियों का लोड बीस साल से है। यहां पर ओवर कैदी हैं। जिसकी वजह से करीब बीस साल से जिले में जिला जेल की डिमांड की जाती रही है। अब नई जिला जेल बनकर तैयार है। जिला जेल में अंडर ट्रायल कैदियों को रखने का नियम है। जबकि सेंट्रल जेल में सजायाफ्ता कैदियों को रखे जाने का नियम है।

3450
कैदी हैं सेंट्रल जेल में।
2060
कैदियों की क्षमता है नैनी जेल की।
14
सौ अधिक बंद हैं नैनी जेल में।
2688
कैदी रहेंगे नई जिला जेल में।
63
एकड़ में बनी है नई जिला जेल।
175
करोड़ की लागत से बनी है नई जेल.

जिले में जिला कारागार नहीं होने से सेंट्रल जेल में अंडर ट्रायल कैदियों को भी रखा जाता था। जबकि सेंट्रल जेल में केवल सजायाफ्ता कैदियों के रहने का नियम है। नई जिला जेल बनकर तैयार है। अगले चार से छह दिन में जिला जेल में अंडर ट्रायल कैदियों को शिफ्ट किया जाएगा।
रंगबहादुर पटेल, वरिष्ठ जेल अधीक्षक