प्रयागराज ब्यूरो । प्रयागराज में अफीम की खेती फिर एक बार पकड़ी गई। यह तीसरा मामला है जब अफीम की खेती पकड़ी गई है। नया मामला उतरांव के रेहथू गांव का है। यहां पर अफीम की खेती के बारे में पुलिस को पता चला तो उसके कान खड़े हो गए। मुखबिरी लगाई गई तो मामला सही निकला। इसके बाद सोमवार को उतरांव पुलिस दलबल के साथ खेत में पहुंची। वहां पर अफीम की खेती लहलहा रही थी। पुलिस ने अफीम की फसल कब्जे में ले ली, जिसकी कीमत करीब अस्सी लाख रुपये है। दबिश देने पर पता चला कि खेत मालिक घर में ताला लगाकर परिवार सहित फरार है। सवाल यह है कि यहां किसानों को कहां से आखिर खेती के लिए बीज मिल रहे हैं। इनकी खेती यहां कब से कराई जा रही है और किसके निर्देश पर। इन सभी सवालों के जवाब पुलिस के पास नहीं है।

खेत में बो दिया अफीम
रेहथू गांव के संत लाल यादव का मालामाल होने का सपना टूट गया। संत लाल यादव एक झटके में करोड़पति होने का सपना देख रहा था। गेहूं, धान बोते बोते संतलाल यादव ऊब गया था। संतलाल यादव ने अफीम के बीज अपने खेत में बो दिए। कई महीने के बाद अफीम की फसल लहलहा उठी। संत लाल ने अफीम फुटकर बेचने के बजाए एक साथ सौदा करने की सोच लिया। वह अफीम के कारोबारियों की तलाश में लग गया। जिससे बात छिपी नहीं रह सकी। बात पुलिस तक पहुंच गई।

एसीपी ने कराई छानबीन
फूलपुर एसीपी उदयवीर को अफीम की खेती के बारे में पता चला। एसीपी ने इसकी गोपनीय जांच कराई। जांच में अफीम की खेती की बात सही मिली। इसके बाद सोमवार को एसीपी उदयवीर, तहसीलदार हंडिया अकांक्षा मिश्रा, आबकारी निरीक्षक पारुल चौधरी और थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी की टीम गांव पहुंची। गांव में भारी पुलिस बल देख लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस की गाडिय़ां सीधे संत लाल के खेत के पास पहुंंची। खेत से अफीम के 12 सौ पौधे मिले। पुलिस ने अफीम के पौधे कटवाकर कब्जे में ले लिया। इस दौरान पुलिस ने संतलाल यादव के घर दबिश दी। संतलाल के घर में ताला बंद था। संत लाल परिवार सहित फरार था।

घूरपुर में पकड़े गए सगे भाई
घूरपुर के अमरेहा गांव में सगे भाई मिश्रीलाल और पंचूराज अफीम की खेती कर रहे थे। इसकी जानकारी होने पर थाना प्रभारी घूरपुर केशव वर्मा ने एसीपी कौंधियारा विवेक यादव को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आबकारी निरीक्षक नीरजा सिंह और नायब तहसीलदार बारा राकेश यादव के साथ दबिश दी। खेत में अफीम की फसल पकड़ी गई। जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब पचास लाख रुपये है। पुलिस टीम ने दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हंडिया में पकड़ी गई थी अफीम की फसल
हंडिया के नौनरा गांव में विजय चंद्र मौर्य अफीम की खेती कर रहा था। इसकी जानकारी होने पर थाना प्रभारी बृजकिशोर गौतम ने पुलिस टीम और आबकारी निरीक्षक के साथ दबिश दी। खेत में अफीम की फसल मिली। जिसकी अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये है। पुलिस ने विजय चंद्र मौर्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रेहथू गांव में संतलाल यादव के खेत में अफीम की फसल मिली है। अफीम की फसल को कब्जे में ले लिया गया है। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब अस्सी लाख रुपये है। संतलाल यादव परिवार सहित फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
पंकज त्रिपाठी
एसओ, उतरांव