प्रयागराज (ब्‍यूरो)। लोहे की पटरी पर सौ की रफ्तार से दौड़ती ट्रेन। अगर ट्रेन संचालन में एक भी रेल कर्मी अपनी ड््यूटी पर लापरवाही कर दे तो न जाने कितनों की जान पर बन आए। अगर हम सुरक्षित रेल यात्रा करते हैं तो उन तमाम रेल कर्मियों की बदौलत जिन्हें हम जानते भी नहीं हैं। मगर रेलवे ऐसे रेल कर्मियों को सम्मानित करता है। जो रेल यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा संभालते हैं। बुधवार को रेलवे के महाप्रबंधक ने ऐसे नौ रेल कर्मियों को सम्मानित किया, जिन्होंने ट्रेन की सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभाई।

सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी का सम्मान
ये घटना 31 जनवरी की है। आगरा मंडल के मिढ़ाकुर रेलवे ट्रैक पर रात में 11 बजे से सुबह सात बजे तक पेट्रोल मैन शशिकांत की ड्यूटी थी। आधी रात को पेट्रोलमैन शशिकांत ने रेलवे ट्रैक पर जंक्शन वेल्ड फ्रैक्चर देखा। शशिकांत ने फौरन इसकी सूचना मिढ़ाकुर स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने सूचना मिलने के बाद उस रूट से गुजरने वाली सभी ट्रेनों को कासन दे दिया। जिससे ट्रेनों को बीस किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से निकाला गया। पेट्रोलमैन की सजगता से ट्रेन हादसा होने से बच गया। इस पर महाप्रबंधक रविंद्र गोयल ने शशिकांत को फरवरी माह का सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी का पुरस्कार दिया है।

आठ कर्मचारी हुए सम्मानित
प्रयागराज मंडल के भरथना के प्वाइंटसमैन अमित प्रताप सिंह, प्रेमपुर के स्टेशन मास्टर शुभम गुप्ता, मानिकपुर के ट्रैक मेन्टेनर दलबहादुर सिंह, झांसी मंडल के लोको पायलट गुड्स अमोल कुमार पाल, सहायक लोको पायलट लवकुश मीना, ट्रैक मेन्टेनर रोहित कुमार मौर्य, आगरा मंडल के लोको पायलट गुड्स जगमोहन मीना, सहायक लोको पायलट यादराम मीना को सम्मानित किया गया। जीएम रविंद्र गोयल ने इन कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस मौके पर प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनीष कुमार गुप्ता एवं अन्य संबंधित रेलवे अफसर मौजूद रहे। यह जानकारी पीआरओ अमित मालवीय ने दी।