घर वालों ने दर्ज कराई थी युवती के अपहरण की रिपोर्ट

युवती ने बरामदगी के बाद घर जाने से किया इंकार, प्रेमी के साथ आर्य समाज मंदिर में लिए फेरे

ALLAHABAD: प्यार के आगे पत्थर दिल खाकी भी पिघल गई। एक महीने से गायब युवती जब अपने प्रेमी के साथ पकड़ी गई तो उसकी कहानी सुनकर पुलिस वालों की आंखों में भी आंसू आ गए। उसने प्रेमी का हाथ नहीं छोड़ा और घर जाने से इंकार कर दिया। फिर क्या था, प्यार को सबने सलाम किया। घर वाले नहीं आए तो पुलिस वालों ने ही परिवार का फर्ज निभाया। पुलिस ने आर्य समाज मंदिर में जोड़े की शादी करवाई और कन्या दान भी किया।

कीडगंज की है युवती

नई बस्ती कीडगंज के रहने वाले रेलवे कर्मचारी की बेटी ऋतु निषाद (परिवर्तित नाम) दिसंबर की फ‌र्स्ट वीक में गायब हो गई थी। घर वालों ने उसे कई जगह तलाशा लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उसी मोहल्ले का रहने वाला सर्वोदय सिंह भी गायब था। सर्वोदय मूलरूप से मांडा गोडि़या कला गांव का रहने वाला है और कीडगंज में किराए का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। किडनैपिंग की रिपोर्ट कीडगंज थाने में दर्ज की गई। फैमिली के लोगों ने सर्वोदय पर ही आरोप लगाया। बीए थर्ड ईयर की 19 साल की स्टूडेंट ऋतु की खोज शुरू हुई। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लोकेशन का पता लगाया। पता चला कि सर्वोदय व ऋतु दिल्ली में हैं। एक टीम दिल्ली तक भेजी गई लेकिन बरामदगी नहीं हो सकी।

राजरूपपुर में पकड़ी गई

पांच नवंबर को पुलिस को दोनों की लोकेशन राजरूपपुर में मिली। दोनों उसी दिन ट्रेन से इलाहाबाद पहुंचे थे। पुलिस ने जाल फैलाया और दोनों को बरामद कर लिया। कीडगंज थाने लाया गया और युवती के पिता को बुलाया गया। पहले तो घर वाले युवती को नाबालिग बताते रहे लेकिन बाद में साबित हो गया कि वह बालिग है। सर्टिफिकेट में उसकी एज 1996 दर्ज है। अब बात युवती की मर्जी पर आकर टिक गई। उसने साफ-साफ कह दिया कि वह जाएगी तो सिर्फ सर्वोदय के साथ। वरना उसे थाने पर ही रखा जाए। परिवार के साथ जाने पर उसने जान का खतरा बताया। अब गेंद पुलिस के पाले में भी और उसी को तय करना था कि क्या किया जाए? सर्वोदय के पिता अवधराज को भी बुलाया गया। शुरुआती ना नुकुर के बाद वह भी रिश्ते के लिए राजी हो गए। फिर क्या था, पुलिस ने दोनों की शादी का फैसला लिया। आर्य समाज मंदिर में दोनों ने अग्नि के सात लिए.पुलिस वालों ने थाने से उसको विदा किया। प्रेमियों को मिलवाने में अहम भूमिका निभाई बैरहना चौकी इंचार्ज सतीश राय ने। उन्होंने ही शादी का पूरा इंतजाम किया।

युवती के लिए छोड़ दी थी नौकरी

सर्वोदय का सलेक्शन सेंट्रल आ‌र्म्ड फोर्स में हो गया था लेकिन उसका मन नहीं लगा। उसका ऋतु से रिश्ता तीन साल से चल रहा था। प्यार के लिए वह ट्रेनिंग बीच में ही छोड़कर भाग आया। उसने युवती के घर वालों से एक बार बात करने की भी कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार दोनों ने भागने का फैसला किया। एक महीने तक दोनों ने दर-दर की ठोकरें खाई लेकिन एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। आखिरकार सभी को प्यार के के आगे झुकना पड़ा।

सर्टिफिकेट के अनुसार युवती 19 साल की हो चुकी थी। अपहरण की रिपोर्ट पर बरामदगी के बाद उसने प्रेमी के साथ ही रहने का फैसला किया। दोनों ने अपनी मर्जी से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।

सतीश राय,

चौकी इंचार्ज बैरहना