प्रयागराज ब्यूरो । प्रयागराज। भारत जोड़ो यात्रा लेकर आए राहुल गांधी ने एक तीर से कई निशाने साधे। लब्बोलुआब ये रहा कि हर बात में राहुल गांधी ने केंद्र और प्रदेश सरकार को नाकारा साबित करने की कोशिश की। यात्रा में कांग्रेसियों का हुजूम रहा। राहुल अपनी यात्रा के जरिए कांग्रेस को भाजपा का विकल्प बता गए। अब इस यात्रा का कितना असर शहरियों पर पड़ा। ये तो आने वाले लोकसभा चुनाव में ही पता चलेगा।
शहर में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत आनंद भवन से शुरू हुई। यात्रा लक्ष्मी टाकिज चौराहा पहुंची तो वहां भीड़ जुट गई। राहुल गांधी ने लोकसेवा आयोग की आरओ, एआरओ परीक्षा का पेपर लीक होने का प्रकरण उठाया। हाथ में माइक लिए राहुल ने एक छात्र अंकित को अपने पास बुलाया। छात्र अंकित ने बताया कि पुलिस भर्ती का भी पेपर लीक हुआ है। आरओ, एआरओ का भी पेपर लीक हुआ है। इस पर राहुल ने ओबीसी को कम फायदा देने का आरोप लगाते हुए जनजातीय जनगणना की बात कही।

राम मंदिर में कोई ओबीसी दिखा
राहुल गांधी ने कहा कि ओबीसी की आबादी देश में सबसे अधिक है। इसके बाद भी ओबीसी के साथ छलावा किया जा रहा है। राम मंदिर के उत्सव में कोई भी ओबीसी नहीं था। देश की कंपनियों का मालिक कोई ओबीसी नहीं है। तमाम जगहों पर ओबीसी का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। केंद्र सरकार केवल उद्योगपतियों की है। उद्योगपतियों का ही कर्ज माफ किया जा रहा है। भारत जोड़ो यात्रा में हिमांचल प्रदेश के मुख्य मंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय, कांगेे्रस के उपनेता सदन प्रमोद तिवारी, वरिष्ठ नेता जयराम नरेश, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, विधायक अराधना मिश्रा, सुप्रिया श्रीनेत, कन्हैया कुमार, पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह समेत तमाम नेता शामिल रहे।

राहुल को भेंट की गदा
कांग्रेस के वरिष्ठ महासचिव मो.इरफान और इरशाद उल्ला के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने राहुल गांधी को गदा भेंट की। इस मौके पर काजी अर्शी, अनूप सिंह, रोहन सिंह, अब्दुल कलाम, आजाद मोहम्मद, सादिक, अफरोज अहमद मौजूद रहे।

खुली जीप से निकले राहुल
आनंद भवन पहुंचे राहुल सीधे एक खुली जीप पर सवार हो गए। इसके बाद यात्रा शुरू हो गई। रास्ते में जगह जगह राहुल गांधी का कांग्रेसियों ने स्वागत किया। लक्ष्मी टाकिज चौराहा पर राहुल गांधी ने युवाओं के साथ संवाद किया। राहुल गांधी युवाओं को फायदा नुकसान बताने में लगे रहे। तेलियरगंज, फाफामऊ, सोरांव और मऊआइमा में राहुल गांधी का स्वागत किया गया।