खाद्य सुरक्षा विभाग ने सिविल लाइंस स्थित स्वीट हाउस में की छापेमारी

ALLAHABAD: खानपान की चीजों की क्वालिटी बेहतर नहीं रखने का खामियाजा सिविल लाइंस के एक प्रतिष्ठान को भुगतना पड़ा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को प्रशासन के आदेश पर सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट में छापेमारी की। यहां मौजूद खाद्य तेल में बदबू आने पर उसका नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक इस तेल से बने कटलेट को खाने के बाद सरकारी अधिकारियों ने नाराजगी जताई थी।

मिटिंग में मंगवाई थी मिठाई

सर्किट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में परोसने के लिए रेस्टोरेंट से कटलेट मंगाया गया था। इसका स्वाद अच्छा नहीं होने पर अधिकारियों ने ऐतराज जताया। इसके बाद अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय प्रदीप कुमार के आदेश पर रेस्टोरेंट में छापेमारी की गई। सिविल लाइंस सर्किल खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने रेस्टोरेंट के किचन में मौजूद खाद्य तेल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि तेल से बदबू आने पर उसका नमूना जांच के लिए लैब भेजा गया है। कटलेट मसाले का भी नमूना एहतियातन लिया गया है। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट में साफ-सफाई और जल निकासी की सुविधा बेहतर रखने के आदेश भी रेस्टोरेंट संचालक को दिए गए हैं।