प्रयागराज ब्यूरो । बेखौफ चोरों ने एक रिटायर इंस्पेक्टर का घर खंगाल डाला। बंद पड़े घर का ताला तोड़ कर चोर बीस लाख के जेवरात और कीमती सामान उठा ले गए। रिटायर इंस्पेक्टर दीपावली पर परिवार सहित अपने गांव झांसी गए थे। वह वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर सामान बिखरा था। जेवरात समेत कीमती सामान गायब था। रिटायर इंस्पेक्टर ने कैण्ट पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंच कर जांच पड़ताल की और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।

झांसी के टहरौली चंदवारी गांव के रहने वाले कुंदन सिंह यादव पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर थे। वह 2018 में रिटायर हुए। कुंदन सिंह यादव का घर कैण्ट थाना क्षेत्र के म्योराबाद में है। वह यहां अपनी पत्नी, एक बेटे और बहू के साथ रहते हैं। दीपावली पर वह परिवार के साथ गांव चले गए। यहां घर में ताला बंद था। वह लौटे तो घर का ताला टूटा देख सकते में आ गए। अंदर जाने पर पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था। आलमारियां खुली थीं। उसमें रखा सारा सामान गायब था। कुंदन सिंह यादव ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकर जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम भी पहुंची। कुंदन सिंह यादव ने कैण्ट पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि घर से चोर पंद्रह से बीस तोला सोने के जेवरात, चांदी के जेवर, सात हजार आठ सौ रुपया नकद के अलावा कीमती सामान और उनके जरुरी कागजात चोर उठा ले गए हैं। तहरीर में कुंदन सिंह यादव ने बताया कि चोर नौकरी के दौरान के मुकदमों के जरुरी कागजात भी ले गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

शिकायत पर दर्ज हुआ केस

धूमनगंज पुलिस के किस्से भी अजीबो गरीब हैं। 21 सितंबर को कंधईपुर की सीमा यादव के घर चोरी हो गई। सीमा ने धूमनगंज थाने में तहरीर दी मगर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज नहीं किया। इधर, 27 अक्तूबर को चोरों ने सीमा के पड़ोसी के घर में चोरी की कोशिश की। इस दौरान एक चोर पकड़ लिया गया। पुलिस को पूछताछ में पकड़े गए चोर ने बताया कि उसने साथियों के साथ मिलकर सीमा यादव के घर चोरी की थी। इसकी जानकारी होने पर सीमा यादव ने डीसीपी सिटी से शिकायत की। डीसीपी के निर्देश पर धूमनगंज पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है।