प्रयागराज (ब्यूरो)। मृतका मूल रूप से फूलपुर एरिया की रहने वाली बतायी गयी हैं। इस मामले में जिस युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है उसका नाम अमन बताया गया है। वह मूलरूप से आजमगढ़ जिले का रहने वाला है। वह कुलभास्कर डिग्री कॉलेज का छात्र बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के संबंध में रिपोर्ट कर्नलगंज थाने में दर्ज करायी गयी थी। इसका कारण शनिवार से छात्रा का मोबाइल बंद मिलना बताया गया था। छात्रा के परिवारवालों ने अमन पर शक जताया था और उसके खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। इसी के आधार पर पुलिस ने उसे उठा लिया था।

पुलिस को बताया था मारपीटकर भगा दिया था कुछ लोगों ने
लड़की का मोबाइल दो दिन से बंद बताने पर परिजनों की चिंता बढ़ गयी तो रविवार को पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस ने सोमवार को अमन को उठा लिया और पूछताछ की। पूछताछ में लड़के ने कई चौकाने वाली बातें बताई। उसने बताया कि छात्रा उससे मिलने के लिए आरईआरटी एरिया में आयी थी। दोनो इस संस्थान के पीछे स्थित जंगल के समीप बातें कर रहे थे, इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंच गये। उन लोगों ने विवाद कर लिया। विरोध करने पर उन्होंने पीटना शुरू कर दिया। मारपीट से बचने के लिए वह स्पॉट से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद वे लोग छात्रा को अपने साथ लेकर चले गये। छात्रा कहां गयी? इस बारे में वह कुछ बता नहीं रहा था। हालांकि, वह पुलिस के सवालों का सामना कर पाने में अक्षम था और उसे घुमाने फिराने वाला जवाब दे रहा था। इससे पुलिस को उस पर शक हो गया था।