प्रयागराज (ब्यूरो)अगर आपका बच्चा कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों में पढ़ता है तो आपके लिए अच्छी सूचना है। आप घर बैठे उसकी मानीटरिंग कर सकेंगे। आपको यह पता चल जाएगा कि क्लास में उसकी गतिविधि क्या है और टीचर्स कैसा पढ़ा रहे हैं। उसने लंच में खाना खाया या नही। जी हां यह सुविधा कैंट बोर्ड के चारो स्कूलों में शुरू होने जा रही है। बस पैरेंट्स को अपने मोबाइल पर आए एक लिंक को क्लिक करना है और फिर वह स्कूलों के वाइस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे से जुड़ जाएगा। प्रयागराज मंडल में पहली बार कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों में यह सुविधा दी जा रही है।

इन स्कूलों में मिलेगी सुविधा
कैंटोनमेंट बोर्ड के चार स्कूलों वीकर पब्लिक स्कूल, कैंट हाईस्कूल, आरएबी व उड़ान स्कूल में यह सुविधा शुरू की जा रही है। इनमें स्मार्ट क्लास रूम बनाए गए हैं। जिनमें 53 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वाइस रिकार्डर भी लगा है। ताकि पैरेंट्स जब लिंक पर क्लिक करें तो उन्हें मोबाइल पर केवल दिखाई नही बल्कि साफ सुनाई भी पड़े। कैंट बोर्ड प्रशासन का कहना है कि इससे स्कूलों के पठन पाठन के माहौल में पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। जानकारी के मुताबिक देश की राजधानी दिल्ली सहित कुछ राज्यों में यह सुविधा दी जा रही है।

किस तरह से वर्क करेगा सिस्टम
बताया गया कि एक लिंक के जरिए कैमरे को मोबाइल से जोड़ा जाएगा।
जिसके बाद उन्हें विद्यालय के प्रवेश व निकासी द्वार, खेल का मैदान एवं क्लास रूम में हो रही प्रत्येक गतिविधि का पता चल सकेगा।
स्मार्ट क्लास रूम का उदघाटन किए जाने के बाद इस लिंक को पैरेंट्स को वितरित कर दिया जाएगा।
जल्द ही यह पूरा सिस्टम वर्क करने लगेगा।
स्मार्ट क्लास में डिजिटल पढ़ाई के लिए विजुअलाइजर, इंटरैक्टिव व्हाइट बोर्ड, एम्पलीफायर, स्पीकर, पोडियम, माइक्रोफोन आदि लगाया जाता है।
इससे बच्चों को पढने और टीचर को पढ़ाने में अलग तरह का फील आता है।

स्कूलों में पढ़ाई का माहौल बदल रहा है। स्मार्ट क्लास रूम का विकास हो रहा है। उददेश्य है कि बच्चों को बेहतर पढ़ाई का माहौल मिले और पैरेंट्स अपने बच्चों की घर से मानीटरिंग कर सकें। इसकी वजह से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यह सुविधा प्रदान की जा रही है।
मो। समीर इस्लाम, सीईओ, कैंटोनमेंट बोर्ड प्रयागराज