प्रयागराज ब्यूरो । औद्योगिक थाने की पुलिस ने तमीम हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। थाना क्षेत्र के हल्दीकला में मासूम तमीम की हत्या गलत हरकत के इंकार पर की गई थी। पुलिस ने हत्या के आरोपित को पकड़ लिया है। तमीम की हत्या का आरोपित महज 13 साल का है। आरोपित लड़का तमीम को खंडहर में ले गया था। वहां पर कुछ लड़के गलत कर रहे थे। तमाम को वैसा करने को कहा गया। जब उसने इंकार किया तो आरोपित ने तमीम के सिर पर ईंट मार दिया। जिससे तमीम की मौत हो गई।

बुधवार शाम लापता हुआ था तमीम

हल्दीकला के रहने वाले कामरान अहमद ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। कामरान का छह वर्षीय बेटा तमीम उर्फ बाबू बुधवार को घर के बाहर खेल रहा था। शाम छह बजे तक वह घर नहीं लौटा। इस पर मां नवसीन परेशान हुई। मां नवसीन ने आसपास के बच्चों से तमीम के बारे में पूछा। कोई उसके बारे में बता नहीं सका। जिस पर नवसीन ने पति कामराजन को जानकारी दी। कामरान घर लौटा और तमीम को खोजने लगा। तमीम नहीं मिला तो कामरान थाने पहुंच गया। कामरान ने थानेदार महेश मिश्रा को तमीम के गायब होने की जानकारी दी। पुलिस ने तमीम के अपहरण का केस दर्ज कर लिया।

सुबह खंडहर में मिली बॉडी

दूसरे दिन गुरुवार की सुबह कोहरा था। करीब नौ बजे पास में तालाब की ओर गांव के लोग गए। वहां एक ढह चुके मकान में कुत्तों का झुंड था। यह देख लोग अंदर की ओर गए तो वहां तमीम की बॉडी पड़ी थी। उसका सिर खून से लथपथ था। हल्ला मचा तो मां नवसीन पहुंच गई। कामरान बेटे को तलाशने के लिए गांव में घूम रहा था। कुछ देर में भीड़ लग गई। बेटे की बॉडी पकड़ मां नवसीन रोने बिलखने लगी। कुछ ही देर में थानेदार महेश मिश्रा फोर्स के साथ पहुंच गए। डीसीपी यमुनानगर अभिनव त्यागी भी आ गए। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया।

नई चीज दिखाने ले गए तमीम को

तमीम अपने घर के पास खेल रहा था। तभी कुछ लड़के खंडहर की ओर जा रहे थे। एक लड़के ने तमीम को बुला लिया। तमीम उसके साथ चला गया। वहां पर कुछ लड़के अप्राकृतिक संबंध बना रहे थे। तमीम से भी वैसा करने को कहा गया। तमीम ने इंकार कर दिया और घर में बताने की बात कही। इस पर एक लड़के ने उसके सिर पर ईंट मार दी। तमीम की मौत हो गई। फिर लड़के भाग गए।

शनिवार को पकड़ा गया आरोपित

तमीम हत्याकांड औद्योगिक थाने की पुलिस के लिए चुनौती बन गया। पुलिस ने गुरुवार को ही गांव के चार लड़कों को उठाया था। जिस पर पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि गांव के कुछ लड़के आए दिन खंडहर की ओर जाते हैं। इस पर पुलिस ने शुक्रवार को भी पूछताछ की। खंडहर में लड़कों के जाने की बात की पुष्टि होने पर वहां जाने वाले लड़कों की तलाश हुई। शनिवार को पुलिस ने फिर कई लड़कों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। वहां एक लड़के ने तमीम को ईंट मारने की बात स्वीकार कर ली।

तमीम के मर्डर के बारे में जानकारी जुटा ली गई है। तमीम का मर्डर 13 साल के एक लड़के ने ईंट मारकर की थी। लड़के को पकड़ लिया गया है। लड़के को बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। कार्रवाई की जा रही है।

अभिनव त्यागी, डीसीपी गंगानगर