प्रयागराज (ब्‍यूरो)। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक शिक्षामित्र को कुचल दिया। घटना म्योहाल चौराहा पर हुई। हादसे में एक सहायक अध्यापक और होमगार्ड जख्मी हो गए। होमगार्ड को उपचार के लिए एसआरएन में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कर्नलगंज पुलिस ने रोडवेज चालक को हिरासत में ले लिया है। पत्नी ने आरोपित चालक के खिलाफ कर्नलगंज थाने में केस दर्ज कराया है।

धूमनगंज के जयरामपुर पटपर के रहने वाले संतोष यादव प्राथमिक विद्यालय चक निरातुल में शिक्षा मित्र थे। संतोष के परिचित एक शिक्षा मित्र की मां का निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार रसूलाबाद में होना था। जिसमें शामिल होने के लिए संतोष यादव अपने परिचित सहायक अध्यापक मुकेश के साथ रसूलाबाद घाट पर गए थे। दोपहर में करीब ढाई बजे दोनों वापस लौट रहे थे। स्कूटी सहायक अध्यापक मुकेश चला रहे थे। म्योहाल चौराहे पर मुकेश ने स्कूटी धीमे की। इस दौरान पीछे से आई रोडवेज बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी। रोडवेज बस लखनऊ डिपो की है। स्कूटी पर पीछे बैठे संतोष यादव और मुकेश सड़क पर गिर पड़े। संतोष को कुचलते हुए बस आगे निकल गई। संतोष ने मौके पर ही दमतोड़ दिया। बस को रोकने के चक्कर में होमगार्ड आद्या भी घायल हो गया। घटना से जाम लग गया। चालक ने भागने की कोशिश की, मगर लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर कर्नलगंज इंस्पेक्टर बृजेश कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस घायलों को एसआरएन अस्पताल ले गई। मृतक संतोष यादव की पत्नी सोनी यादव की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।

म्योहाल चौराहा पर रोडवेज बस की टक्कर से एक शिक्षामित्र की मौत हो गई। एक होमगार्ड और एक सहायक अध्यापक घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए एसआरएन भेजा गया। जहां होमागर्ड की हालत नाजुक है।
बृजेश सिंह, थाना प्रभारी कर्नलगंज