प्रयागराज ब्यूरो ।वर्चस्व की जंग में शनिवार को हॉस्टल संचालक की हत्या के लिए बवाल हुआ था। हमलावरों ने ईश्वर शरण डिग्री कालेज के पास हॉस्टल में मौजूद संचालक को घेरकर गोली चलाई थी। इसके बाद जब हॉस्टल की भीड़ सामने आई तो हमलावरों ने बमबाजी करके दहशत फैला दी। बमबाजी में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चारों सगे भाई हैं। चारों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।

चल रही वर्चस्व की जंग
ईश्वर शरण ट्रस्ट की तरफ से बैरहना के पंकज सोनकर को एक हॉस्टल संचालन के लिए दिया गया है। इस हॉस्टल का संचालन पंकज सोनकर पिछले चार साल से कर रहा है। हॉस्टल के पास रहने वाले जयसिंह सोनकर और पंकज के बीच इसी हॉस्टल को लेकर विवाद है। शनिवार को घटना वर्चस्व की जंग को लेकर हुई। करीब चार बजे पंकज सोनकर हॉस्टल में था। साढ़े पांच बजे के करीब हॉस्टल के अंदर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। पंकज सोनकर को घेरकर फायरिंग की गई। पंकज सोनकर दीवार फांदकर ईश्वर शरण पुलिस चौकी पहुंच गया। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस एक्टिव होती। इसके पहले इधर हॉस्टल के छात्रों की भीड़ बाहर आने लगी। यह देखकर अराजकतत्वों ने बमबाजी शुरू कर दी।


आधा घंटा तक होती रही बमबाजी
ईश्वर शरण डिग्री कालेज रोड पर आधा घंटा तक बमबाजी होती रही। बैखौफ अराजकतत्व हाथों में पिस्टल, राइफल लिए बम फेंकते रहे। शाम के समय इस रोड पर सब्जी मंडी में हजारों की भीड़ जुटती है। बमबाजी से भीड़ में भगदड़ मच गई। दर्जनों की संख्या में लोग भगदड़ में घायल हो गए। कई लोगों को बम के छर््रे लगे। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा है।

चार आरोपितों को किया गिरफ्तार
कर्नलगंज पुलिस ने इस मामले में पंकज सोनकर की तहरीर पर केस दर्ज किया। इसके बाद आरोपितों की तलाश में दबिश दी। पुलिस ने सगे भाइयों आनंद सोनकर, जय सिंह सोनकर, अर्जुन सोनकर और बलवंत सोनकर को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की तलाश पुलिस कर रही है।


ईश्वर शरण डिग्री कालेज के पास हुई बमबाजी की घटना में हॉस्टल संचालक की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जयराम, चौकी प्रभारी ईश्वर शरण