प्रयागराज (ब्‍यूरो)। दीपावली पर्व पर दीप जलाने से पहले 27 वर्षीय रेलवे कर्मचारी अभिषेक कुमार वेटनी की चिता जल गई। रोड एक्सीडेंट गुरुवार की देर रात उसकी मौत हो गई। घटना को देखकर एक दूसरी बाइक से पीछे चल रहे साथी भाग खड़े हुए। हादसे की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद जेब में मिली सर्विस आई कार्ड से उसकी पहचान हुई। पहचान के बाद हादसे की खबर पुलिस द्वारा उसके घर वालों को दी गई। कमासुत बेटे की मौत से पूरे परिवार में मातम पसर गया। परिजन भाग कर मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस द्वारा बॉडी पोस्टमार्टम हाउस भेज दी गई। घटना शहर के नैनी थाना क्षेत्र स्थित जेल रोड की है।

फाइनल होने वाला था शादी का रिश्ता
कीडगंज एरिया स्थित मलाकराज रामबाग निवासी अर्जुन बेटनी रेलवे प्रयागराज में टीआरडी थर्ड के पद पर तैनात है। उसके दो बेटों में बड़ा अभिषेक कुमार बेटनी को भी रेलवे में चतुर्थ श्रेणी पद पर नौकरी मिल गई। पिछले कुछ वर्षों से वह अहमदाबाद में तैनात था। बताते हैं कि नौकरी लगने के बाद परिवार के लोगों को उसी शादी की चिंता सताने लगी। एक जगह उसकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। सब कुछ ठीक चल रहा था। वह बुधवार को दीपावली पर्व मनाने घर आया था। घर पर दीप जलाने के लिए वह तरह-तरह के प्लान घर वालों के साथ बना रहा था। इस बीच गुरुवार सुबह उसके मन में नैनी निवासी बुआ के घर जाने की बात आई। बुआ की याद आई तो वह बाइक लेकर नैनी के लिए निकल पड़ा। बताते हैं कि उसके साथ एक दूसरी बाइक से दो दोस्त भी थे। बुआ के यहां से होकर वह रात करीब 11 बजे घर वापस लौट रहा था। नैनी जेल रोड पर पहुंचा ही था कि अज्ञात वाहन उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। बाइक में टक्कर लगते ही वह रोड पर गिर पड़ा। इससे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में उसे गंभीर चोटें आ गईं। सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देखकर दूसरी बाइक से रहे दोस्त डर के मारे भाग खड़े हुए। इस हादसे के कारण जेल रोड पर भीषण जाम लग गया। हादसे के चलते जाम की खबर सुनते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो वह दम तोड़ चुका था। छानबीन में पुलिस को जेब से उसका आई कार्ड मिला तो पहचान हो गई। पहचान के बाद पुलिस घटना की खबर घर वालों को दी गई। दीपावली पर्व के पूर्व हादसे में कमासुत बेटे की मौत की खबर सुन सभी की नींद उड़ गई। परिवार में मातम पसर गया और पड़ोसियों की दरवाजे पर भीड़ लग गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो पुलिस बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम बाद उसकी बॉडी का घर वालों में अंतिम संस्कार किया।

हादसे के बाद बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया था। उसे टक्कर मारने वाले गाड़ी का पता लगाया जा रहा है। पूछताछ में पता चला कि वह नैनी में बुआ घर से होकर वापस लौट रहा था।
यशपाल सिंह, थाना प्रभारी नैनी