प्रयागराज (ब्‍यूरो)। रविवार को एयरफोर्स डे के मौके पर प्रयागराज संगम एरिया में एशिया का सबसे बड़ा एयर शो होने जा रहा है। इसकी तैयारियां महीनों से चल रही हैं। शुक्रवार को इस एयर शो का फुल ड्रेस रिहर्सल था। पुलिस और प्रशासन को पता था कि लाखों लोग संगम पर पहुंचेंगे और इस दौरान भीषण जाम लग सकता है। चूंकि इस समय पितृ पक्ष चल रहा है इसलिए प्लानिंग बेहद जरूरी थी। लेकिन, कुछ जिम्मेदारों की गलती से पूरा सिस्टम फेल कर गया और शाम को लाखों लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा।

मार्निंग में तीन लेयर में लगाई गई थी रोक
शुक्रवार मार्निंग में दस बजे से ही लोगों का रेला संगम की ओर चल पड़ा था। क्योंकि लोगों को पता था कि आज एयर शो का पूरा रिहर्सल होना है। इसको लेकर दोपहर बारह बजे संगम जाने वाले मार्ग पर तीन लेयर में बैरीकेडिंग की गई थी। वाहनों को भीतर जाने से रोका जा रहा था। लेकिन कुछ देर बार यह व्यवस्था फेल हो गई। पुलिस और प्रशासन के कुछ अधिकारियों के वाहन नाते रिश्तेदारों को लेकर संगम पहुंचने लगे। इसको देखकर आम पब्लिक के वाहन भी संगम एरिया में जाने की जिद करने लगे। देखते ही देखते दोपहर तीन बजे तक पूरा संगम एरिया जाम हो गया। हजारेा की संख्या दो पहिया और चार पहिया वाहन संगम मार्ग, संगम अपर मार्ग, काली सड़क आदि पर दिखाई देने लगे। यहां तक कि तिल रखने की जगह तक नही बची।

पानी को तरसी पब्लिक
लाखों की संख्या में दर्शक लेटे हनुमान मंदिर और संगम नोज के आसपास एकत्र हो गए। चूंकि एयर फोर्स की ओर से मंदिर के आसपास का एक बड़ा सर्कुलेटिंग एरिया रिजर्व कर लिया है इसलिए भारी भीड़ पर्टिकुलर एरिया में सिमट कर रह गई। इस दौरान पुलिस के जवानों ने आसपास पानी और खानपान की दुकानों को भी हटा दिया। इसके बाद भीषण धूप में लोग बूंद बूंद पानी की तलाश में भटकते रहे। जब इतनी भीड़ पहुंचनी थी तो खानपान की दुकानों को बंद नही कराना चाहिए था।

वायुसेना का शौर्य देखने को नहीं झपकाई पलक
संडे को एयर शो होना है इसलिए शुक्रवार को हुए रिहर्सल के दौरान एयर फोर्स की ओर से कोई कसर नही छोड़ी गई थी। फुल एनाउंसमेंट के साथ सेना के प्रत्येक फाइटर जेट और हेलीकाप्टर ने अपना करतब दिखाया। इसके लिए बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं, बूढ़े और जवान आकाश में टकटकी लगाए रहे। पांच से छह घंटे तक वह भूखे प्यासे वही डटे रहे। लोगों का कहना था कि इतने बड़े शो के दौरान कम से कम पब्लिक के लिए टेंट लगाया जाना चाहिए था। पानी का इंतजार भी करना चाहिए।

शाम छह बजे तक जाम में फंसे रहे लोग
एयर फोर्स का फुल ड्रेस रिहर्सल दोपहर दो बजकर 45 मिनट पर शुरू हुआ था और शाम 4:30 बजे खत्म हो गया। आखिरी शो मिग 21 का था। जिसे देखने के बाद लोग घर की ओर लौटने लगे। लेकिन दो और चार पहिया वाहनों से रोड पटी होने के चलते लोग जहां तहां फंस गए। उनको निकलने में शाम छह बज गए। बड़ी मुश्किल से वह परेड एरिया से बाहर आ सके। जाम का असर महात्मा गांधी मार्ग और सोहबतियाबाग एरिया तक दिखाई पड़ा। बाकी नैनी और झूंसी जाने वाले रूट पर भी भयंकर जाम लगा रहा।

पुलिस और प्रशासन को फिर से करनी होगी प्लानिंग
आठ अक्टूबर को एयर शो के रिहर्सल पर लाखों लोग संगम एरिया में पर पहुंच गए। जबकि पुलिस और प्रशासन ने पहले से पूरी प्लानिंग कर रखी थी। बावजूद खूब जाम लगा। रोक होने के बाद हजारेां की संख्या में वाहन पहुंचे। अगर यही हाल रहा तो संडे को छुट्टी का दिन है और संगम एरिया में इससे अधिक संख्या में भीड़ होने की संभावना है। इसलिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को किसी भी मिस हैपनिंग को रोकने के लिए दोबारा प्लानिंग पर मंथन करना होगा। वह भी इसलिए कि इस समय संगम एरिया में पितृपक्ष को लेकर पितरों का तर्पण चल रहा है। रोजाना हजारों की संख्या में लोग अपने पुरखों का श्राद्ध कर्म करने पहुंच रहे हैं। अगर इनके साथ दर्शकों की संख्या प्लस हो गई तो भीड़ को मैनेज करना अधिकारियों के लिए मुश्किल हो जाएगा।

अरैल में भी देखने जुटी भीड़, जाम
एयर शो का पूर्वाभ्यास देखने के लिए अरैल तट पर भी बड़ी संख्या में भीड़ जुटी। शूलटंकेश्वर मंदिर से लेकर सोमेश्वर महादेव तक लोग अरैल तटबंध मार्ग के किनारे दोपहर से ही डेरा जमा लिए थे। सभी शो के एक-एक पल की तस्वीर मोबाइल में कैद करने को आतुर रहे। सेल्फी प्वाइंट पर सबसे अधिक भीड़ रही। भीड़ के चलते लगे जाम को छुड़ाने के लिए पुलिस को काफी पसीना बहाना पड़ा। पूर्वाभ्यास के दिन भीड़ से निपटने के लिए बनाए गए सारे नियम पुलिस की लापरवाही से तार-तार हो गए। शो समाप्त होने के बाद काफी देर तक लोग जाम में फंसे रहे। त्रिवेणी पुष्प के समीप करीब एक घंटे तक लोगों का पैदल निकलना मुश्किल रहा। पुलिस के काफी मशक्कत के बाद यातायात सुचारू हो सका। दो पहिया व चार पहिया वाहनों को दोनों तरफ से छोड़ दिया गया, जिससे जाम की स्थित बन गई थी।