JHUNSI: झूंसी थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे चोरों ने नकदी समेत लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने पड़ोस के दो घरों में भी चोरी का प्रयास किया। चोरी कर भाग रहे दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उक्त गांव निवासी अभिमन्यु सिंह खेती किसानी करते हैं। गुरुवार की रात घर के लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर के पीछे दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुस गए और संदूक में रखे 56 हजार नकद व दो लाख के सोने-चांदी के जेवरात उठा ले गए। इसके बाद चोर पड़ोस के अशोक बिंद व राधेश्याम बिंद के घर में घुस गए। तभी आवाज सुनकर राधेश्याम बिंद की नींद खुल गई। शोर मचाया तो ग्रामीण जुट गए और भाग रहे दो लोगों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को पकड़े गए लोगों को सौंप दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।