लाखों की ज्वेलरी और नगदी पर किया हाथ साफ

ALLAHABAD: कैंट एरिया के म्योराबाद में प्रार्थना के लिए चर्च गए टीचर के घर को चोरों ने खंगाल डाला। ताला तोड़कर घुसे चोरों ने कैश के साथ ही चार लाख रुपए के अधिक की ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। टीचर जब लौटकर आए तो घर का ताला टूट देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने कैंट पुलिस स्टेशन में चोरी की एफआईआर दर्ज करवा दी है।

पूरी फैमिली गई थी चर्च

म्योराबाद के रहने वाले टीचर नितेश सैमुअल एक इंग्लिश मीडियम स्कूल के टीचर हैं। संडे को उनकी फैमिली चर्च प्रार्थना के लिए गई थी। वह 10 बजे के आसपास घर से निकले थे। डेढ़ घंटे बाद वे लौटे तो गेट का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने पूरे घर को इत्मीनान के साथ खंगाला था। अलमारी का ताला तोड़कर चोर 30 हजार कैश, 4 लाख की ज्वेलरी, सोने के सिक्के, अंगूठियां, हार व चांदी के जेवर ले उड़े। आशंका है कि चोरी में आसपास का ही कोई व्यक्ति शामिल हो सकता है। चोरों को इस बात की पक्की जानकारी थी कि फैमिली कितनी देर में लौटकर आएगी। डेढ़ घंटे के भीतर चोर पूरे घर को खंगाल कर चंपत हो गए थे। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है।

एकाउंटेंट के घर भी चोरी

शिवकुटी एरिया के गोविंदपुर में एमआईजी कालोनी के रहने वाले अशोक कुमार यादव को भी चोरों ने चूना लगा दिया। अशोक कुमार एकाउंटेंट हैं और हाल ही में उनका ट्रांसफर महोबा के लिए हो गया है। उनकी फैमिली 14 अगस्त को महोबा चली गई थी। रविवार को अशोक कुमार लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने पूरे घर के सामान को बिखेर दिया था। चोरी लाखों की बताई जा रही है। एकाउंटेंट ने शिवकुटी में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है।