दो लाख कैश सहित पार कर दी करीब दस लाख की ज्वैलरी

घर ताला बंदकर बीमार सास को देखने गया था प्रापर्टी डीलर

ALLAHABAD: बंद घर हमेशा चोरों के लिए सॉफ्ट टारगेट होते हैं। इसके बावजूद इलाहाबाद के लोग अवेयर नहीं हुए हैं। इसके चलते आए दिन उन्हें खामियाजा उठाना पड़ रहा है। ताजा मामला करेली पुलिस स्टेशन एरिया में सामने आया है। घर में ताला लगाकर बीमार सास को देखने गए प्रापर्टी डीलर का घर चोरों ने खंगाल डाला। दो लाख कैश के साथ करीब दस लाख की ज्वैलरी चुरा ले गए।

सास का हुआ था एक्सीडेंट

करेली स्थित बैंक ऑफ बडौदा के निकट रहने वाले अरशद खान प्रापर्टी डीलर हैं। परिवार में पत्‍‌नी तस्लीमा और बच्चे हैं। कुछ दिनों पहले अरशद की सास शहीदा बेगम का रोड एक्सीडेंट हो गया था। इसके चलते पत्‍‌नी व बच्चे ससुराल में ही थे। बृहस्पतिवार को अचानक सास की तबीयत बिगड़ने की सूचना पत्‍‌नी से मिली तो वह रात में 12 बजे के करीब घर में ताला बंदकर ससुराल के लिए निकल गए।

ससुराल में ही रुक गए

रात अधिक होने के कारण वह ससुराल में ही रुक गए। इसी बीच मौका पाकर चोर घर में घुस आए। कमरे में रखी आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखा दो लाख कैश व सोने चांदी के करीब दस लाख रुपए आभूषण निकाल लिया। इसके बाद दबे पांव निकल गए।

घर पहुंचते ही उड़े होश

अरशद शुक्रवार सुबह घर पहुंचे तो हालात देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। आलमारी खुली पड़ी थी। उसमें न ज्वैलरी थी ना कैश। अरशद ने मामले की सूचना करेली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पुलिस को चोरों के पैरों के निशान घर में मिले। अरशद की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश में पुलिस जुट गयी है।

बाक्स में

बैंक में पर्स से चोरी हो गया पैसा

धूमनगंज थाना क्षेत्र के सुलेमसराय मोहल्ले की रहने वाली पुष्पा मेहता बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस आयी थी। वह क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक गई थी। वह बैंक के काम में मशगूल थी तभी किसी ने उनके पर्स से 18 हजार रुपए और कुछ कागजात उड़ा दिए। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।