80 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मचाया उत्पात

pratapgarh@inext.co.in

PRATAPGARH ( 27 May): शुक्रवार को जिले में करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी में तीन जिंदगियां उड़ गई। चक्रवात व बारिश पूरे जिले में जमकर तांडव किया। पेड़ की डाल व दीवार गिरने से बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तूफान से दिनचर्या भी प्रभावित हुई। बिजली व पानी के लिए लोग तरस गए। सड़कों व रेलवे के ट्रैक पर पेड़ गिरने से देर शाम तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

डाल गिरने से बालक की मौत

तूफान ने सुबह नौ बजे विनाशकारी दस्तक दी। 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आयी आंधी की चपेट में रूपधर कंधई निवासी सीएमओ कार्यालय के क्लर्क अश्वनी पांडेय का पुत्र सार्थक (11) आ गया। वह बाग में आम बीनने गया था तूफान में आम की डाल सार्थक के ऊपर पेड़ गिर पड़ी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

दो महिलाओं ने तोड़ा दम

पट्टी क्षेत्र के भदेवरा गांव निवासिनी अमरावती मौर्या (28) पत्‍‌नी रमाकांत मौर्या शुक्रवार की सुबह छत पर धूप में सूखने के लिए खटाई रखी थी। अचानक तूफान देख वह खटाई हटाने के लिए छत पर पहुंच गई। इसी बीच दीवार उसके ऊपर ढह गई। मलबे में दबकर उसकी मौत हो गई। इसी तरह शाम करीब चार बजे दुबारा आए तूफान में मानधाता के बहरिया गांव निवासी रामफल की पत्‍‌नी के ऊपर दीवार गिर पड़ी। मलबे में दबने से उसकी भी मौत हो गई।