प्रयागराज ब्यूरो स्वतंत्रता दिवस यानी पंद्रह अगस्त सेलीब्रेशन की तैयारी में दिन भर प्रशासनिक व नगर निगम के जिम्मेदार जुटे रहे। सरकारी भवनों से लेकर ब्रिज तक पर तिरंगा लगाने का काम चला। नगर निगम के कर्मचारी पूरे सम्मान व उत्साह के साथ देर शाम तक तिरंगा लगा रहे। कलक्ट्रेट से लेकर नगर निगम व पीडीए भवन को दीवाली की तरह सजाया गया। शाम होते ही तारों की तरह टिमटिमाते विद्युत के बल्व टिमटिमाने लगे। हवा के झोकों से लहरा रहे तिरंगे व रोशनी को लोग अपलक निहारते रहे। शहर के कई चौराहों का नजारा भी देश भक्ति का चोला होढ़कर लोगों की निगाह बरबस अपनी तरफ खीचता रहे।

शाम होते ही टिमटिमाने लगे विद्युत बल्व

जनपद सहित पूरे देश में आज पूरे उल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। आजादी के इस पर्व को मनाने की तैयारी कई दिनों से चल रही है। सोमवार को सरकारी मुलाजिम ही नहीं आम लोगों में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह होते ही सरकारी भवनों के परिसर की साफ सफाई का काम युद्ध स्तर पर चला। दोपहर होते-होते तिरंगा लगाने का काम शुरू हुआ। सरकारी भवनों कलक्ट्रेट, कमिश्नरेट, नगर निगम जैसे अन्य संस्थानों में चारों तरफ लहराते हुए तिरंगे को देखकर गभव से लोगों का सीना चौड़ा होता रहा। गंगा की लहरों को छूकर चल रही शीतल हवाओं में शास्त्री ब्रिज पर लगाए गए तिरंगे को देख कर तमाम यात्री सैल्यूट करने से खुद को नहीं रोक सके। नगर निगम के अफसरों ने बताया कि हर तरफर व बिल्डिंगों पर लगाने के लिए एक लाख 50 हजार तिरंगा मंगाए गए हैं। कुछ ही शेष रह गए हैं बाकी सारे तिरंगों को जगह-जगह लगाने के साथ वितरित भी कर दिया है। शहर के सुभाष चौराहा, सिविल लाइंस हनुमान मंदिर चौराहा, फायर ब्रिगेड जैसे कई अन्य चौराहों को भी देर शाम तक आकर्षक ढंग से सजाया गया। सरकारी विभागों के साथ कुछ तिरंगा पब्लिक के बीच भी बांटा गया है। सभी से यह अपील की गई कि वह प्रतिष्ठान व घर पर तिरंगा पूरे सम्मान के साथ लगाएं। शाम होने से पहले पहले उसी सम्मान के साथ उतार कर सुरक्षित जगह रख दें।

स्वतंत्रता दिवस देश और देश के हर नागरिक के लिए सबसे बड़ा पर्व है। इससे बड़ा पर्व कोई दूसरा हो ही नहीं सकता। इस लिए पूरे शहर को सजा दिया गया है। करीब डेढ़ लाख तिरंगा मंगाया गया है। जिसे सरकारी भवनों व नगर निगम परिसर में लगवाया जा रहा है। पब्लिक के बीच भी तिरंगा वितरित करके सम्मान के साथ घरों पर लगाने की हिदायत दी गई है।

अरविंद राय, अपर नगर आयुक्त नगर निगम