प्रयागराज ब्यूरो । शनिवार को रसूलाबाद घाट पर बड़ा हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने आए तीन लोग गंगा में डूब गए। एक को तो बचा लिया गया। मगर दो लोग गंगा में समा गए। घाट पर मौजूद नाविकों ने दोनों को बचाने की कोशिश की मगर कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जल पुलिस और गोताखोरों की टीम रसूलाबाद घाट पहुंची। शाम तक दोनों की तलाश होती रही। मगर उनका कुछ पता नहीं चला। घटना से परिजनों में मातम का माहौल है।

प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना क्षेत्र के मल्हूपुर गांव के रहने वाले शारदा यादव की बीमारी की वजह से मौत हो गई थी। शनिवार को परिवार के सदस्य और गांव के लोग शारदा की बॉडी को रसूलाबाद घाट पहुंचे। यहां पर बॉडी का अंतिम संस्कार हुआ। अंतिम संस्कार के बाद गांव और परिवार के लोग गंगा स्नान करने लगे। लोगों के साथ गांव के सीताराम (६०), कृष्ण कुमार यादव (55) और ननकऊ भी नहा रहे थे। अचानक तीनों गहरे पानी में चले गए। तीनों बचाने के लिए चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर नाव पर मौजूद नाविक गंगा में कूद पड़े। नाविकों ने ननकऊ को बचा लिया मगर दोनों का पता नहीं चला। इस पर घटना की सूचना शिवकुटी पुलिस को दी गई। शिवकुटी पुलिस पहुंच गई। पुलिस की सूचना पर संगम से जल पुलिस और गोताखोर भी पहुंचे। जल पुलिस ने स्टीमर और गोताखोरों ने गंगा में दोनों को काफी देर तक तलाश किया मगर उनका कोई पता नहीं चला। शाम हो जाने की वजह से सर्च आपरेशन बंद कर दिया गया। दोनों की तलाश रविवार को की जाएगी।

प्रतापगढ़ से एक बॉडी के अंतिम संस्कार में आए तीन लोग गंगा में नहाते वक्त डूब गए। घाट पर मौजूद नाविकों ने एक को बचा लिया। दो लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोर काफी देर तक प्रयास करते रहे। दोनों का पता नहीं चला। रविवार को दोबारा दोनों की तलाश करवाई जाएगी।

संजय कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी शिवकुटी