प्रयागराज ब्यूरो । राजरूपपुर में दशहरा के मेले में दो युवकों की हत्या का प्रयास किया गया। मेला देखने गए दोनों युवकों को घेरकर हमलावरों ने चाकू से वार कर दिया। कई वार लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। भीड़ जुटी तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। धूमनगंज पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपित युवकों को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश पुलिस कर रही है। झलवा इलाके के धुस्सा के रहने वाले अरुण कुमार और भानुप्रताप राजरूपपुर में दशहरा का मेला देखने गए थे। दोनों धुस्सा पावर हाउस के पास खड़े थे। इस बीच पीपल गांव का रहने वाला विराट यादव अपने गांव के मयंक पाल, आकाश निवासी झलवा, सत्यम सोनी और अन्य तीन चार युवकों के साथ वहां पहुंच गया। सभी हमलावरों ने घेर कर भानु प्रताप सिंह को मारने लगे। इस बीच एक युवक ने चाकू निकालकर भानु पर वार शुरू कर दिया।

शोर सुनकर धमकी देकर भाग निकले
बीचबचाव में अरुण कुमार को भी चाकू के कई वार लग गए। दोनों बचाव के लिए चीखने चिल्लाने लगे। शोर सुन आसपास के लोग दौड़े। इस पर हमलावर युवक दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। कुछ दूर पर मौजूद पुलिस भी शोर शराबा सुनकर आ गई। दोनों युवक खून से लथपथ पड़े थे। जानकारी पर दोनों के घर वाले भी आ गए। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को पुलिस अस्पताल ले गई। अरुण की तहरीर पर धूमनगंज पुलिस ने केस दर्ज किया। तहरीर के आधार पर विराट यादव, आकाश यादव, मयंक पाल, सत्यम सोनी और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपितों की तलाश पुलिस कर रही है।