प्रयागराज (ब्‍यूरो)। बौद्ध परिपथ के पर्यटन की संजीवनी बनेगी वंदेभारत एक्सप्रेस। प्रयागराज से गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदेभारत ट्रेन कई मायनों में अहम होगी। बशर्ते की ट्रेन को यात्री मिलते रहें। गोरखपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली वंदेभारत को प्रयागराज से जोड़ दिया गया है। इससे पर्यटन की संभावना बढऩे से इंकार नहीं किया जा सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रयागराज से गोरखपुर के बीच सुपर फास्ट ट्रेन के आने से यात्रियों को सहूलियत बढ़ेगी।

छह स्टेशन पर रुकेगी वंदेभारत
गोरखपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का विस्तार प्रयागराज तक किया गया है। वंदे भारत ट्रेन गोरखपुर से चलकर बस्ती, अयोध्या धाम, लखनऊ, रायबरेली होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी। इससे अब प्रयागराज से लखनऊ का सफर आसान होगा वहीं, गोरखपुर जाने में भी आसानी होगी।

कनेक्ट होगा बौद्ध परिपथ
वंदेभारत ट्रेन चलने से बौद्ध परिपथ कनेक्ट होगा। कौशांबी का बारा बौद्ध परिपथ का हिस्सा है। बौद्ध परिपथ में कौशांबी, कुशीनगर और गया शामिल है। वंदेभारत ट्रेन की वजह से बौद्ध अनुयायियों को कुशीनगर और कौशांबी की कनेक्टविटी मिलेगी। बुद्ध के परिनिर्वाण दिवस पर हजारों की संख्या में बौद्ध कौशांबी आते हैं। इसके अलावा साल के अन्य दिनों में भी बौद्ध अनुयायियों का आना जाना लगा रहता है। वंदे भारत ट्रेन की इस कनेक्टविटी से बौद्ध अनुयायियों को यात्रा में आसानी होगी।


प्रयागराज से शुरू हुई वंदेभारत
मंगलवार सुबह 9.45 मिनट पर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाई। इसके बाद जंक्शन परिसर हर हर गंगे, भारत माता की जय के घोष से गंूज उठा। जंक्शन के प्लेटफार्म छह पर आचार्यों ने स्वस्ति वाचन और शंखनाद किया। इसके बाद विधि विधान से पूजन किया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद केसरी देवी पटेल, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, एमएलसी निर्मला पासवान, एनसीआर के महाप्रबंधक रवींद्र गोयल ने वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में डीआरएम हिमांशु बडोनी, सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय, स्टेशन निदेशक वीके द्विवेदी मौजूद रहे।

छह दिन चलेगी वंदेभारत
सप्ताह में छह दिन वंदेभारत ट्रेन चलेगी। शनिवार को ट्रेन का संचालन नहीं होगा। वंदे भारत ट्रेन का संचालन प्रयागराज से 14 मार्च को नियमित रूप से शुरू हो जाएगा। वंदे भारत ट्रेन आठ कोच की है। जिसमें से एक कोच एक्जीक्यूटिव कार श्रेणी का और सात कोच चेयर कार के हैं।

3.15 दोपहर प्रयागराज से होगी रवाना।
4.56 पर वंदेभारत पहुंचेगी रायबरेली।
6.15 पर लखनऊ पहुंचेगी वंदेभारत।
8.28 पर पहुंचेगी अयोध्या धाम स्टेशन।
9.41 पर वंदे भारत पहुंचेगी बस्ती।
10.40 पर पहुंचेगी गोरखपुर स्टेशन।
6.05 सुबह गोरखपुर से होगी रवाना।
6.52 पर पहुंचेगी बस्ती स्टेशन।
8.15 पर पहुंचेगी अयोध्या धाम।
10.20 पर पहुंचेगी लखनऊ स्टेशन।
11.46 पर पहुंचेगी रायबरेली स्टेशन।
1.35 पर पहुंचेगी प्रयागराज जंक्शन।