प्रयागराज ब्यूरो ।धूमनगंज थाना क्षेत्र के टीपी नगर में एक महिला ने फांसी लगा ली। घटना बुधवार रात को हुई। आरोप पति पर लगा है। महिला के भाई ने आरोप लगाया है कि पति ने उसे मार दिया। भाई ने धूमनगंज थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हंडिया उपरदहा की रहने वाली नीतू साहू की शादी धूमनगंज टीपीनगर के रहने वाले संजय साहू के साथ 2007 में हुई थी। शादी के बाद दो बच्चे हुए। बड़ा बेटा हर्ष 15 साल का है और छोटा बेटा अंशू 12 साल का है। संजय साहू ने घर में ही किराना स्टोर खोल रखी है। बुधवार को पड़ोस में एक शादी के सिलसिले में हल्दी का कार्यक्रम था। नीतू और बच्चे वहां गए गए थे। रात में नीतू तो लौट आई मगर बच्चे वहीं थे। रात में संजय ने दुकान बंद की। इसके बाद वह अंदर आ गया। आरोप है कि इस दौरान पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद पति संजय साहू बाहर चला गया। रात में करीब ग्यारह बजे वह लौटा तो कमरे में नीतू फांसी के फंदे पर लटक रही थी। संजय ने शोर मचाया तो पड़ोस के लोग आ गए। दोनों बेटे मां की बॉडी पकड़कर रोने बिलखने लगे। रात में ही संजय ने अपनी ससुराल और पुलिस को सूचना दी। रात में करीब सवा दो बजे नीतू का भाई राजेश पहुंचा। राजेश ने आरोप लगाया कि उसका जीजा शराब पीकर आए दिन बहन नीतू से झगड़ा करता था। इसकी कई बार शिकायत नीतू ने की थी। राजेश ने पुलिस को तहरीर दी है।