बरेली (ब्यूरो) : बिथरी चैनपुर के रामगंगानगर निवासी अपहृत किशोरी का 11 माह बाद सुराग लग सका। हैरानी की बात यह है कि इस बीच उसकी मृत्यु हो गई। दिल्ली में उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। किशोरी के शव के लिए आरोपित के स्वजनों ने अलीगंज के सूदनपुर गांव की प्रधान मिथलेश के जरिये फर्जी प्रपत्र बनवाए। बिथरी चैनपुर पुलिस ने बुधवार को पूरे घटनाक्रम में शामिल आरोपित युवक की मां मीना देवी, चाचा भगवानदास, बहन आशा उर्फ खुशबू, बहनोई रमेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि किशोरी को अगवा करने का आरोपित शिवा व ग्राम प्रधान मिथलेश फरार हैं।

पंजीकृत हुई थी एफआईआर
दरअसल, किशोरी बिथरी चैनपुर के रामगंगा नगर की निवासी थी, जबकि आरोपित अलीगंज के सूदनपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार तीन मई 2022 को आरोपित शिवा किशोरी का अपहरण कर ले गया। मामले में किशोरी के स्वजन ने आरोपित शिवा के साथ उसके बहन-बहनोई, चाचा व मां के विरुद्ध प्राथमिकी लिखाई। जांच में सामने आया कि आरोपित शिवा किशोरी को लेकर पहले हिमाचल गया। वहां कुछ दिनों बाद उसकी तबियत खराब हो गई। हालत बिगडऩे पर उपचार के लिए दिल्ली लेकर पहुंचा। दिल्ली स्टेशन पर ही किशोरी बेहोश होकर गिर गई। अस्पताल में 10 अगस्त 2022 को डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। पंचनामा के लिए दिल्ली पुलिस ने आरोपित से प्रपत्र मांगे तो वह नहीं दे सका, जिसके चलते दस दिन तक किशोरी का शव पोस्टमार्टम हाउस में ही रखा गया। शव के लिए आरोपित शिवा ने मां व चाचा से बात कर प्रधान के जरिये फर्जी प्रपत्र बनाया। उसी आधार पर शव अपने कब्जे में ले लिया और दिल्ली में ही अंतिम संस्कार कर दिया।

मां-चाचा बने पेरेंट्स
डाक्टरों ने आरोपित शिवा से कहा कि शव उसके माता-पिता को ही दिया जाएगा। इसी के बाद शिवा ने साजिश कर ग्राम प्रधान सूदनपुर मिथलेश की मदद से अपनी मां और चाचा को लडक़ी के माता पिता बनाकर अस्पताल भेज कर शव ले लिया। फिर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख की पत्नी हैं सूदनपुर की प्रधान
पुलिस के अनुसार आरोपित ग्राम प्रधान सूदनपुर मिथलेश क्यारा के पूर्व ब्लाक प्रमुख धर्मपाल की पत्नी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की बीमारी से मृत्यु की पुष्टि हुई है। बिसरा सुरक्षित है। इधर, पूरे घटनाक्रम के राजफाश के बाद पुलिस ने लिखी प्राथमिकी में कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, प्रयोग करने, षडयंत्र रचने व अन्य धाराएं बढ़ाईं हैं। इंस्पेक्टर बिथरी चैनपुर अश्वनी कुमार ने बताया कि फरार ग्राम प्रधान मिथलेश व शिवा की तलाश में पुलिस जुटी है।