- कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटने के बाद शहर में जगह-जगह मनाया गया जश्न

-तिरंगा लहराकर लगाए भारत मां जय के नारे, एक-दूसरे का मुंह कराया मीठा

बरेली : हर दिन की तरह मंडे की सुबह भी आम थी, लेकिन जैसे ही लोगों को कश्मीर में क्या नया हुआ है, यह पता चला तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा। सुबह करीब 11:30 बजे राज्यसभा में मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर में लागू धारा 370 और 35ए को हटाने का आदेश जारी किया। वहीं लद्दाख जो कि पहले कश्मीर के अधीन था उसे भी अलग राज्य का दर्जा दिया। अमित शाह ने जैसे ही यह निर्णय सदन में सुनाया तो टीवी देख रहे बरेलियंस ने जमकर आतिशबाजी की। साथ ही एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। वहीं गली-मोहल्लों में भी पूरे दिन मोदी सरकार के ऐतिहासिक फैसले की चर्चा होती रही। सभी ने सरकार के इस फैसले की सराहना की। साथ ही कहा कि कश्मीर अब अपना हो गया है तो स्वर्ग में घर बनाना सपना नहीं होगा।

पूरे देश में लहराएगा तिरंगा

कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने पर खुशी जताते हुए युवा बरेली सेवा क्लब ने युवाओं को झंडे बांटे। क्लब के अध्यक्ष गुलफाम अन्सारी ने कहा एक अब हमारे देश में कश्मीर से लेकर कन्या कुमारी तक एक तिरंगा लहरायेगा। इस मौके पर आदिल खान, तफसीर अहमद, मोमिन खान, शारोज अली, अशफाक अली, नासिर अली आदि मौजूद रहे।

व्यापार मंडल ने बांटी मिठाई

जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटने के बाद उप्र उद्योग व्यापार मंडल ने श्यामगंज स्थित कैंप कार्यालय में जश्न मनया। व्यापारियों ने आतिशबाजी छुड़ाई और मिठाई बांटी। महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है। व्यापारी भी इस बात से उत्साहित हैं कि जम्मू कश्मीर में अपनी व्यापारिक शाखा खोलकर व्यवसाय को पंख लगाए जा सकते हैं। इस दौरान महामंत्री राजेश जसोरिया, चेयरमैन दर्शनलाल भाटिया, दुर्गेश खटवानी, शिरीष गुप्ता, मनमोहन सब्बरवाल, योगन्द्र अग्रवाल और जुगल सुखानी आदि रहे।

मोदी ने बनाया नया कश्मीर

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी जश्न मनाया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने बरेली कॉलेज में आतिशबाजी कर खुशी जताई। कहा सभी कश्मीर के युवा भी हमारे साथ पढ़ सकेंगे। वहीं कालीबाड़ी में युवा लोधी सभा बरेली के अध्यक्ष गौरव राजपूत के नेतृत्व में धारा 370 और 35ए हटाने पर जश्न मनाया गया। साथ ही पदाधिकारियों ने पटाखे छुटाकर मोदी सरकार को धन्यवाद दिया। अध्यक्ष गौरव राजपूत ने कहा कि मोदी और अमित शाह ने नया कश्मीर बनाया है। इस दौरान दुर्गेश लोधी, दीपक राजपूत, राधेरमन लोधी, रवि राजपूत, प्रेमचंद्र और सनी सैनी आदि रहे।

कांवडि़यों ने लहलहाया तिरंगा

तीर्थ स्थलों से जल भरकर ला रहे कांवडि़यों को जब मोदी सरकार के ऐतिहासिक फैसले के बारे में पता चला तो उन्होंने भी जश्न मनाया। उन्होंने कश्मीर से मुक्त हुई धारा 370 और 35ए का तहे दिल से स्वागत किया। कांवडि़यों ने बदायूं हाईवे पर भगवान भोले के जयकारों के साथ तिरंगा झंडा लहलहाते हुए भारत माता के जयकारे लगाए।

आजादी के समय भी ऐसी खुशी हुई होगी

हमने देश को आजाद होते हुए तो नहीं देखा, पर आज लग रहा है कि देश जब आजाद हुआ होगा तो यह खुशी उस समय महसूस हुई होगी। कश्मीर के नागरिक भी हमारे अपने हैं। सरकार को उनकी सुरक्षा पर विशेष गौर करना चाहिए।

गजेंद्र यादव।

सरकार के इस फैसले से कहीं न कहीं कश्मीर को फायदा ही होगा। इससे रोजगार के साथ ही वहां की अर्थव्यवस्था में भी सुधार आएगा। साथ ही वहां के स्टूडेंट्स को अच्छी एजुकेशन भी मिलेगी। साथ ही विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

प्रमोद सिंह।

सरकार का फैसला सराहनीय

यह देश वासियों के लिए ऐतिहासिक दिन है। दोनों राज्यों को केंद्र शासित करने का फैसला सराहनीय है।

राजेंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष, उप्र उद्योग व्यापार मंडल

देश की आजादी के बाद का रोमांच आज महसूस हुआ। इस फैसले ने देश की एक कानून, एक देश की परिकल्पना को सार्थक किया है।

राजेश जसौरिया, महामंत्री, उप्र उद्योग व्यापार मंडल।

कश्मीर भारत का अभिन्न अंग और भारत की शान है। केंद्र सरकार के प्रस्ताव पर राष्ट्रपति द्वारा जारी संविधान आदेश, 2019 का हम स्वागत करते हैं। प्रस्ताव में अध्ययन के बाद कुछ संशोधन होंगे। राजनीति से ऊपर उठकर इस प्रक्रिया को ईमानदारी से पूरा करना होगा।

मुहम्मद खालिद जीलानी, एडवोकेट एवं आरटीआई एक्टिविस्ट।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी और देश के लाखों जवानों ने देश की एकता अखंडता के लिए जो आहूति दी थी, उसके सुफल के रुप में आज आजादी के 70 साल बाद से शुभ घड़ी आयी है। पूर देश में नई उम्मीद और खुशी का महौल है। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर घाटी से अलगाववाद समाप्त होगा।

डॉ। सत्येंद्र सिंह, अध्यक्ष, आईएमए।