एडीजी लॉ एंड आर्डर ने पश्चिमी उत्तरप्रदेश में आतंकियों के कई पॉकेट होने की कही बात

प्रमुख सचिव गृह और एडीजी लॉ एंड आर्डर ने की क्राइम एंड लॉ एंड ऑर्डर पर की मीटिंग

BAREILLY: बरेली रेंज में भी आतंकी ठिकाने हो सकते हैं, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं है। पश्चिमी उत्तरप्रदेश में मेरठ, मुजफ्फर नगर व बिजनौर पहले से ही आतंकियों के ठिकाने रहे हैं। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने मीडिया से बातचीत में इन बातों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बिजनौर में पकड़े गए आंतकी एक साल पहले मध्यप्रदेश से भागकर आए थे। इससे पहले प्रमुख सचिव गृह नीरज गुप्ता ने एडीजी लॉ एंड ऑर्डर मुकुल गोयल के साथ रेंज के पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर क्राइम व लॉ एंड ऑर्डर की समीक्षा की। प्रमुख सचिव ने सभी अधिकारियों को समय पर ऑफिस पहुंचने और सीयूजी नंबर पर आने वाली सभी कॉल्स को अंटेंड करने के लिए कहा।

क्राइम ग्राफ को लाएं नीचे

प्रमुख सचिव गृह और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर दोपहर एक बजे बरेली पहुंचे लेकिन मीटिंग शाम चार बजे से स्टार्ट हुई। दो घंटे की लंबी मीटिंग में रेंज में बढ़ते अपराध पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और क्राइम ग्राफ को नीचे लाने के सख्त निर्देश दिए। प्रमुख सचिव ने संवेदनशील मामलों पर ज्यादा फोकस करने के लिए कहा। इसके अलावा हीनियस क्राइम की वारदातों पर सीनियर पुलिस अधिकारी को भी मौके पर पहुंचने की हिदायत दी। साथ ही उन्होंने कहा कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हर हाल में सुनिश्चित कर ली जाए।

चोरी की घटनाओं पर जाएं सीओ

एडीजी मुकुल गोयल ने कहा कि आने वाले समय में लगातार कई त्यौहार हैं, जिससे लॉ एंड आर्डर मेंटेन करना बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में खुराफातियों पर कड़ी नजर रखी जाए। लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट को देखते हुए उन्होंने आतिशबाजों के लाइसेंस चेक करने के सख्त निर्देश दिए। बरेली रेंज में शाहजहांपुर डिस्ट्रिक्ट में सबसे ज्यादा विवेचनाएं पेंडिंग मिली, उनका ग्राफ कम करने के लिए अधिकारियों को कहा गया। वहीं उन्होंने चोरी की घटनाओं पर सीओ और इंस्पेक्टर को घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण करने और आईओ का मार्गदर्शन करने की बात भी कही।

दे रहे युवाओं काे ट्रेनिंग

बिजनौर ब्लास्ट के मामले में एडीजी ने कहा कि एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। कई आतंकियों की गिरफ्तारी हुई हैं। फरार आतंकियों की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तरप्रदेश में आतंकियों की कई पॉकेट हैं। इन पर नजर रख कर पता लगाया जा रहा है। साथ ही आतंकियों द्वारा युवाओं को ट्रेनिंग देने की भी बात सामने आयी है।

आई नेक्स्ट की बात की पुष्टि

बरेली में कुछ दिनों पहले नकली नोट पकड़े गए थे। आई नेक्स्ट ने नकली नोटों के खेप आने की बात बांग्लादेश के रास्ते बतायी थी। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने भी बांग्लादेश से ही नोटों की खेप आने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पहले नेपाल के रास्ते नकली नोट आते थे लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते अब रास्ता बदलकर बांग्लादेश कर लिया गया है।

महिला अस्पतालों में निभर्या सेंटर

रेप, सेक्सुअल हैरेसमेंट व बरामद अपहरताओं के मामलों में कई बार लड़की का मेडिकल समय पर नहीं हो पाता है। इसके अलावा महिला थाना में भी लड़कियों को रखने पर भी कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की है। इसके अलावा कई डिस्ट्रिक्ट में नारी निकेतन भी नहीं हैं। ऐसे में शासन की मंशा है कि सभी जिलों के महिला अस्पतालों में निर्भया सेंटर खोले जाएंगे। इन सेंटर में ही मेडिकल और रहने की व्यवस्था होगी और पुलिस का पहरा भी रहेगा।

उमरसिया रेप कांड में होगी कार्रवाई

उमरसिया रेप कांड में एडीजी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस वालों की लापरवाही रही है तो उनके खिलाफ एक्शन जरूर लिया जाएगा। वहीं एडीजी लॉ एंड आर्डर ने ट्रैफिक की प्रॉब्लम को दूर करने के लिए और पुलिसकर्मियों की भर्ती की जानकारी दी और कहा कि सभी मेन चौराहों पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।