बरेली (ब्यूरो)। सप्ताह भर पहले आंवला में प्रेमी युगल ने परिजनों के विरोध की वजह से ट्रेन से कटकर सुसाइड कर लिया था। प्रेमी युवक के सुसाइड का मामला शंात ही हुआ था कि बहेड़ी में प्रेमी युगल के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने जहरीला पदार्थ खाकर मौत का गले लगा लिया। पुलिस की जांच में पता चला है कि दोनों शादी करना चाहते थे। परिजन इसके खिलाफ थे। इस वजह से तीन दिन पहले दोनों ही अपने अपने घर से गायब हो गए थे। इसके बाद से ही दोनों के परिवार उन्हे खोज रहे थे। गेंहू के खेत में दोनों के शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बेटी को भेज दिया था दिल्ली
बहेड़ी के ग्वारी गांव के रहने वाला सोमपाल पुत्र स्व। तेजराम गंगवार मजदूरी करता था। उसका इसी गांव के रहने वाले श्रीपाल की पुत्री निर्मला से प्रेम प्रसंग था। पुलिस ने बताया कि दोनों का करीब चार साल से अफेयर चल रहा था। इसी वजह से युवती के परिजनों ने उसे करीब डेढ़ साल पहले बड़ी के घर सरिता विहार भेज दिया था। दिल्ली में रहकर वह सिलाई का काम कर रही थी। इस वजह से उसका घर पर अकेले आना जाना रहता था। इसके बाद भी दोनों एक दूसरे से फोन के माध्यम से संपर्क में रहे।

अप्रैल को छोड़ा था घर
बहेड़ी इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सोलंकी ने बताया कि जांच में पता चला है कि युवती एक अप्रैल की रात तीन बजे अपने बड़ी बहन के घर से गायब हो गई थी। इस बारे में युवती के जीजा ने अपने ससुर को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद युवती के परिजन प्रेमी सोमपाल के घर गए थे। जहां उन्हे पता चला कि प्रेमपाल भी घर पर नहीं है। इसके बाद से ही दोनों के परिजन उनकी तलाश में जुटे थे।

गांव की दहलीज पर मौत
प्रेमी युगल के अपने-अपने घरों से लापता होने के बाद से ही उनके परिवार दोनों को तलाश कर रहे थे। परिवारीजन दोनों को दिल्ली से लेकर रुद्रपुर में तलाश रहे थे। लेकिन प्रेमी युगल ने कुछ और ही तय कर लिया था। दोनों समाज के ठेकेदार और झूठी शान में जिंदगी जी रहे परिजनों से कहीं दूर नहीं भागे। दोनों करीब दो दिन पहले गांव पहुंचे। जहां दोनों ने एक साथ जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोनों की तलाश के दौरान थर्सडे की दोपहर गांव में एक गेहूंू के खेत में उनके शव बरामद हुए। प्रेमी युगल के शव मिलने की सूचना पर पुलिस के साथ ही दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दोनों के शव बिलकुल पास-पास पड़े थे। हाथ एक दूसरे के हाथ मे था। दोनों के मूंह से कुछ दूरी पर उल्टी पड़ी थी। इससे साफ है कि शरीर में जहर जाने के बाद दोनों बुरी तरह से तड़पे होंगे। इस वजह से दोनों को उल्टी भी आई। इस तड़प के बीच भी दोनों ने एक-दूसरे का हाथ नहीं छोड़ा और मौत को गले लगा लिया।


बैग दे रहे बहुत कुछ गवाही
गांव में साथ खेल कूदकर बड़े हुए सोमपाल और निर्मला के बीच में कई साल से प्र्रेम प्रसंग चल रहा था। गांव की गलियों में घूमते गाते दोनों ने अपना घर बसाने के साथ ही कई सपने संजोए थे। दोनों ने संग जीने मरने की कसम भी खाई थीं। लेकिन दोनों की मोहब्बत का समाज दूश्मन बन गया। समाज के ठेकेदार और समाज में अपनी झूठी शान बरकरार रखने के लिए अपने भी प्रेमी युगल के दुश्मन बन गए थे। खेत में मिले दोनों के शव के पास एक-एक बैग बरामद हुआ। दोनों बैग में चार से पांच जोड़ी तक कपड़े बरामद हुए। जिससे यह साफ है कि दोनों साथ जीना चाहते थे। कहीं बाहर जाकर नई दुनिया बसाना चाहते थे।

यह है चर्चा
इस दौरान कुछ ऐसा हुआ कि दोनों को मजबूर होकर गांव आना पड़ा, और मौत को गले लगा लिया। गांव में चर्चा है कि प्रेमी युगल को अपनों से अपनो को खतरा था। जिस वजह से उन्हे यूटर्न लेकर गांव वापस आना पड़ा, यहीं नहीं वह गांव में जिंदा परिवार वालों के सामने जाने का अंजाम जानते थे, और गायब रहने के अंजाम से भी वाकिफ थे। यही वजह है कि दोनों में गांव में जाकर सुसाइड करने का फैसला लिया ताकि बहुत कुछ बिगडऩे से बच जाए।

प्रेमी युगल के शव गांव के खेत में पड़े मिले। उनकी पहचान हो गई है। वे ग्वारी गांव के ही रहने वाले हैं। शवों के पास पेस्टीसाइड के टुकड़े पड़े मिले हैं। परिजनों से वार्ता की जा रही है। साक्ष्य कलेक्ट किए जा रहे हैं। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी नॉर्थ जोन