बरेली (ब्यूरो)। बीते कुछ समय पहले ही टमाटर की कीमता ने आसमान छुआ था। तब टमाटर को लेकर देशभर मेें कैसी हायतौबा मची थी, यह अभी बरेलियंस भूले भी नहीं हैं कि प्याज उनके आंसू निकालने लगा है। नवरात्रि पर्व पूरा होने के बाद प्याज की खपत में तेजी से इजाफा हुआ है। इसके साथ ही मंडी में प्याज की आवक भी घटी है। इससे प्याज के रेट रोज ही चढ़ रहे हैं। पिछले सप्ताह ही मार्केट में प्याज की कीमत 15 से 20 रुपए तक थी जो अब 70 से 80 रुपया प्रति किलोग्रामग्राम तक पहुंच गए हैं। व्यापारियों की माने तो प्याज के रेट अभी और भी बढ़ सकते हैं।

बिगड़ा घर का बजट
महिलाओं का कहना है कि पिछले महीने टमाटर की वजह से रसोई का बजट बिगड़ा था और अब प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्याज के दाम अगर लगातार बढ़ते रहे तो सब्जी और सलाद में लोग प्याज को खाना भूल ही जाएंगे। जैसे पहले टमाटर महंगा होने पर लोगों ने इसको खरीदना तक छोड़ दिया था।

फुटकर में प्याज 80 के भाव
डेलापीर सब्जी मंडी में हर रोज दूसरे राज्यों से कई ट्रक प्याज पहुंंचता है। इस बार मानसून के लौटने पर हुई भारी बारिश से प्याज का उत्पादन काफी प्रभावित हुआ। दूसरे राज्यों की जिन मंडियों से प्याज बाहर जाता है, वहां भीगने से यह खराब हो गया। डेलापीर सब्जी मंडी में जो प्याज पहुंच भी रहा है तो वह बेहतर क्वालिटी का नहीं है। इसके बाद भी यहां होलसेल में प्याज के रेट 50 रुपए किलोग्राम तक पहुंच गए हैं। यहां से बाहर निकलकर फुटकर की दुकानों तक पहुंंचा प्याज 70 से 80 रुपए प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है। फुटकर सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि उन्हें मंडी से ही प्याज महंगा मिल रहा है। इसके बाद प्याज खराब भी निकल रहा है। इससे प्याज और भी महंगा हो जाता है।

रेट बढऩे के और भी चांस
डेलापीर सब्जी मंडी के होलसेल सब्जी कारोबारी सलीम ने बताया कि नवरात्रि से पहले प्याज की कीमतें 20 से 30 रुपए प्रति किलोग्राम के बीच में थीं। अब थोक रेट 50 से 60 रुपए किलोग्राम तक पहुंच गए हैं। वही फुटकर रेट 80 से 85 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं। कारोबारियों का कहना है कि प्याज के दाम अभी और भी चढ़ सकते हैं।

दिसंबर से राहत
सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि मंडी में इस टाइम प्याज कम आ रहा है। इस कारण प्याज के भाव अधिक हो गए है। उन्होंने बताया कि दिसंबर में नासिक और दूसरी जगहों से नया प्याज आने लगेगा। इसके बाद भी प्याज के रेट में डाउनफॉल आएगा।


नवरात्रि के पहले प्याज की कीमत सामान्य थी। पर्व समाप्त होते ही कीमत बढऩे लगे और इसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले सप्ताह प्याज की कीमत 20 से 30 रुपए थी, पर अब होलसेल में ही प्याज की कीमत 40 से 50 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं।
सलीम, व्यापारी

पहले टमाटर के रेट महंगे होने से लोग परेशान हुए थे, अब प्याज के रेट आसमान छू रहे हैं। इसी तरह अगर प्याज के दाम बढ़ते रहे तो जैसे पहले टमाटर से दूरी बनाना मजबूरी हो गई थी, वैसे ही प्याज से दूरी बनानी पड़ेगी।
रोशनी, गृहिणी