बरेली (ब्यूरो)। सर्दी का मौसम सेहत के लिए यूं ही अनुकल नहीं माना जाता है। सेहत के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद मानी जाने वाली सब्जियों की पैदावार इस सीजन में खूब होती है। यह सीजनल सब्जियां कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर भी होती हैं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट अपने सीजन की सब्जी कॉलम के अंतर्गत ही आज स्वाद और सेहत से भरपूर मटर की खूबियों वाली यह स्टोरी पब्लिश कर रहा है। डायटीशियन की मानें तो मटर अपने गुणों से हमारे इम्यूनिटी सिस्टम के लिए भी लाभकारी है। यह विटामिन से भरपूर होती है।

हरी मटर खाने के लाभ
मटर में भरपूर मात्रा में मैग्नीशियम और एंटी-ऑक्सीडेंट पाया जाता है। जो इम्यूनिटी को बढ़ाने में मददगार है। मजबूत इम्यूनिटी शरीर को कई संक्रमण से बचाने में मदद करती है। हरी मटर में सेलेनियम तत्व पाया जाता है, जो अर्थराइटिस की समस्या को कम करने में भी मददगार होती है।

ये होते हैं विटामिन्स
हरी मटर में प्रचुर मात्रा में विटामिन पाए जाते हैं। इनमें विटामिन ए, विटामिन ई, विटामिन डी, विटामिन सी आदि शामिल हैं। मटर विटामिन के अलावा जिंक और एंटीऑक्सीडेंट का भी सोर्स है। विटामिन ए और बी सूजन को कम करने और मधुमेह, हृदय रोग, गठिया आदि बीमारियों में फायदेमंद है। मटर फाइबर से भी भरपूर है। इसमें कैलोरी की मात्रा कम और प्रोटीन, आयरन, फोलेट की मात्रा अधिक पाई जाती है।

कोलेस्ट्रॉल करती है कम
डॉक्टर्स के अनुसार मटर में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा कम होती है। इससे यह दिल के लिए भी फायदेमंद है। मटर मोटापे के साथ-साथ अन्य कई बीमारियों से बचाने में मददगार हो सकती है। हरी मटर ब्लड में कोलेस्ट्रॉल को भी कम कर सकती है। इसके सेवन से दिल की बीमारियों का खतरा भी कम होता है।

मटर वाली डिशेज
मटर पनीर
मटर पकौड़ी
मटर की सब्जी
मटर का अचार

मटर फल है या सब्जी
मटर की फली होती है। इसलिए इसे फल कहें या सब्जी, इसको लेकर अवधारणाएं भी अलग-अलग हैं। वनस्पतिशास्त्रियों द्वारा इन्हें फल के रूप में वर्गीकृत किया गया है। यह आम धारणा सब्जी के विपरीत है।

शुगर वाले कम करें सेवन
डायटिशियन दीप्ती के अनुसार हरी मटर में अधिक मात्रा में शुगर और स्टार्च पाया जाता है। अगर इसे जरूरत से ज्यादा मात्रा में लिया जाए, तो यह शरीर में शुगर बढऩे का कारण बन सकता है। इसके साथ ही इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी हाई होता है। इसलिए डायबिटीज से ग्रस्त लोगों को इसका सेवन थोड़ा कम ही करना चाहिए।


यह है रेट
50 रुपए किलो मटर


मटर से बनी चीजें सभी चीजें मुझे पसंद हैं। खास कर मटर पनीर तो हर किसी को खाने में अच्छा लगता है। इससे इम्यूनिटी मजबूत होती है। सर्दी के सीजन की यह सब्जी तो हर घर में खाई जाती है।
श्रुति अग्रवाल, गृहिणी


मटर सब्जी में तो अच्छी लगती है। लेकिन इसके खाने से फायदे भी अनेक है। इसमें कई पोषक तत्व भी होते है। इसके अलावा अधिकतर लोग इसका अचार भी बना लेते हैं। सर्दी के मौसम की यह हर पार्टी में खूब इस्तेमाल होती है।
पायल गुप्ता, गृहिणी

मटर में प्रोटीन, विटामिन ए, बी, सी, जिंक, कॉपर, मैगनीज, एंटीऑक्सीडेंट आयरन और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। कम कैलोरी और लो ग्लिसमिक इंडेक्स के कारण यह मोटापे की समस्या में भी लाभदायक है।
डॉ। पूजा गुप्ता, न्यूट्रीशनिस्ट