बरेली (ब्यूरो)। शेरगढ़ में एक युवक की गोली माकर हत्या कर दी गई। थर्सडे में अपराह्न करीब तीन बजे किच्छा नदी के पास उसका शव बरामद हुआ। सूचना पर एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्र, सीओ बहेड़ी डॉ। तेजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

क्षेत्र में सनसनी
लापता हुए युवक का शव नदी किनारे मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिसने भी यह खबर सुनी, मौके की ओर दौड़ पड़ा। कुछ ही देर में धर्मेंद्र के घर पर भी उसका शव मिलने की सूचना पहुंच गई। यह सुन कर उनके घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके की ओर दौड़ पड़े। गांव वालों का कहना था कि धर्मेंद्र की आदत बहुत अच्छी थी, सबका बहुत सम्मान करता था। उसके व्यवहार को याद करके हर आंख नम हो रही थी।

जमीनी विवाद में हुई हत्या
शेरगढ़ के मोहम्मदपुर गांव के रहने वाले 24 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार पुत्र झांझन लाल खेती करते थे। उनकी बहन हेमवती ने बताया कि गांव के ही रहने वाले जसपाल, सूखे और चंद्रपाल दबंग किस्म के लोग हैं। इन लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। कब्जा छोडऩे की बात कहने पर वे लोग मारपीट को उतारू हो जाते हैं। कई बार आरोपितों ने धर्मेंद्र को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि इस विवाद में उक्त आरोपितों ने ही उसके भाई का कत्ल किया है।

हुआ था लापता
मृतक की बहन हेमवती ने बताया कि वेडनेसडे की रात करीब सात बजे खाना खाने के बाद धर्मेंद्र टहलने के लिए घर से निकले थे। उसके बाद से ही वह लापता हो गये। देर रात तक उसके घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। थर्सडे की सुबह परिजनों ने आसपास की रिश्तेदारी में भी तलाश किया, लेकिन वहां भी कुछ पता नहीं चल सका। थर्सडे की दोपहर में घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर किच्छा नदी के पास धर्मेंद्र का शव बरामद हुआ। उनके सिर में बाई ओर से गोली लगी थी।

गला घोंटने के बाद मारी गोली
घटना की जानकारी पर पुलिस अफसरों के दिशा निर्देश पर फॉरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची थी। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बारीकी से जांच पड़ताल की। इस दौरान टीम ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि किसी पतली रस्सी या फिर मजबूत सुतली से धर्मेंद्र का गला भी घोंटा गया था।

लव एंगल पर भी नजर
मृतक के परिजन गांव के ही तीन लोगों पर जमीनी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। हत्या के मामले में पुलिस कई पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि मृतक का किसी से कोई प्रेम प्रसंग तो नहीं था। पुलिस का मानना है कि हत्या का कारण प्रेम प्रसंग भी हो सकता है।

करीबी हैं हत्यारे
परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि धर्मेंद्र खाना खाने के बाद टहलने की बात कह कर घर से निकला था, जबकि उसका शव गांव से एक किलो मीटर दूर जंगल के पास किच्छा नदी के किनारे पर पाया गया। ऐसे में पुलिस मान कर चल रही है कि कोई करीबी ही धर्मेंद्र को अपने साथ विश्वास में लेकर सुनसान जगह पर ले गया और वहां पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई।

तो नहीं होता कत्ल
जैसा कि धर्मेंद्र के परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या जमीन की रंजिश में हुई है। उनके अनुसार इस मामले को लेकर कई बार उसका आरोपितों से विवाद भी हुआ था, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने दबंगों पर कोई भी कार्रवाई नहीं की। परिजनों को कहना है कि अगर पुलिस दबंगों पर कार्रवाई कर देती तो धर्मेंद्र की हत्या नहीं होती।

तलाश में जुटी पुलिस
धर्मेंद्र की हत्या के बाद परिजनों ने गांव के ही जसपाल, सूखे और चन्द्रपाल पर हत्या करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से ही पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने दो संदिग्धों को देर रात हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी, लेकिन आरोपितों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

बोले अधिकारी
युवक का शव मिला है। पीडि़त पक्ष की ओर से कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।
-मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी आरए