- इंडियन स्मार्ट अवार्ड में बरेली नगर निगम को 66 वां स्थान मिला

- केंद्र सरकार ने दूसरे चरण में बरेली नगर निगम को दिया स्थान

बरेली : बरेलियंस के लिए यह खबर काम की है। इंडियन स्मार्ट सिटी अवार्ड के लिए बरेली का चयन हुआ है। 100 स्मार्ट सिटी में 66 स्मार्ट सिटी का चयन हुआ है। इसमे बरेली को भी चुना गया है। हालांकि बरेली में अभी तक एबीडी एरिया में स्मार्ट सिटी का कोई काम शुरू नहीं हो पाया है। यह अवार्ड सिर्फ टेंडर जारी करने और वर्क आर्डर जारी करने पर बरेली की झोली में आया है। केंद्र सरकार ने अवार्ड के द्वितीय चरण के लिए कुछ बिंदु रखे थे। उसी के आधार पर बरेली का चयन हुआ है।

दूसरे चरण में पहुंचा बरेली

दूसरे चरण में बरेली का नाम शामिल हो गया है। इसके बाद फाइनल चरण होगा। केंद्र सरकार ने 100 स्मार्ट सिटी शहरों की सूची जारी की है। इसमे बरेली को 66वां स्थान मिला है। स्मार्ट सिटी बरेली के सीईओ अभिषेक आनंद ने कहा कि अवार्ड के लिए बरेली शहर को चुना गया है। यह टीम की मेहनत का परिणाम है। इंडियन स्मार्ट सिटी अवार्ड के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश के अन्य स्मार्ट सिटी का चयन हुआ है। जिसमें अलीगढ़, लखनऊ, प्रयागराज, सहारनपुर जैसे शहर भी शामिल हैं। अब अवार्ड के लिए फाइनल पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। अवार्ड प्रतियोगिता का आयोजन स्मार्ट सिटीज मिशन, आवास और शहरी मामले के मंत्रालय, भारत सरकार के तहत किया जाता है। स्मार्ट सिटी में शामिल शहरों की कार्य प्रगति, परियोजनाओं और अभिनव विचारों को फोकस किया गया है। केंद्र सरकार अवार्ड के तौर पर फाइनल लिस्ट में शामिल शहर को पुरस्कृत करेगी।

चंद कदम दूर फाइनल का सफर

जीएम संजय सिंह चौहान ने बताया कि फाइनल के लिए कुछ बिंदुओं को केंद्र सरकार देखेगी। इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यावरण व यातायात प्रबंधन और इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी की भूमिका व पुराने शहरों की सघन आबादी के लिए अलग प्लान तैयार किया गया है या नहीं या बनाए गए प्लान कैसे हैं और उन बिंदुओं पर आगे किस तरह से काम होगा। बताया कि स्मार्ट सिटी के अधिकतर टेंडर और वर्क आर्डर प्लान के साथ जारी हो चुके हैं। इसका हमें फायदा मिला है।

इंडियन स्मार्ट सिटी अवार्ड के दूसरे चरण में चयन हमारे लिए बड़ी बात है। हमारी पूरी टीम ने मेहनत की। इसमें शहर के जनप्रतिनिधियों का सहयोग रहा। उनके सुझावों को प्रोजेक्ट में शामिल किया गया। अब हम अवार्ड जीतने की कोशिश करेंगे।

अभिषेक आनंद, सीईओ बरेली स्मार्ट सिटी।

दूसरे चरण में बरेली स्मार्ट सिटी का चयन खुशी की बात है। हम इस बात का भी ध्यान रख रहे हैं कि स्मार्ट सिटी के विकास में जनता या व्यापारियों का नुकसान न हो। सभी के सहयोग से यहां तक आए हैं और आगे भी जाएंगे।

डॉ। उमेश गौतम, मेयर