बरेली (ब्यूरो)। शहर में उठाया नहीं जलाया जा रहा कूड़ा यह ही तो है स्मार्ट सिटी बरेली प्रदूषण फैलाने वालों पर एक्शन होना चाहिए कुछ इस तरह के कमेंट्स बरेलियंस ने सोशल मीडिया पर किए हैं। दरअसल शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए एजेंसी काम कर रही है, लेकिन इसके बाद भी कूड़ा जगह-जगह जलाया जा रहा है। लोगों ने इस की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं, जिस पर अफसरों को भी संज्ञान लेने की बात कही गई है। इस पोस्ट पर बरेलियंस ने भी खूब कमेंट किए हैं। कहा है कि शहर का एक्यूआई बढ़ाने के लिए कूड़ा जलाना भी बड़ा कारण है। पढि़ए दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की पूरी रिपोर्ट

लोगों ने किए ये कमेंट्स
अन्नू : कूड़ा उठाओ न जलाओ यही तो है स्मार्ट सिटी
रितेश: कूड़ा उठाया नहीं जलाया जा रहा है
सुबोध: प्रदूषण करने वालों पर जिम्मेदार एक्शन लें
नदीम: शहर में इस तरह कई एरिया में कूड़ा जलाया जाता है
वैष्णवी: हकीकत को दिखाया गया है, सच यह ही है

यहां जलाया जाता है कूड़ा
कूड़ा उठाने के बाद कूड़ा कलेक्शन करने वाले आउटर एरिया या फिर खाली एरिया देखते ही उसे वहां गिरा देते हैं। इसके बाद जब वहां पर अधिक कूड़ा एकत्र हो जाता है तो उसमें आग लगा देते हैं। यह ही हाल पीलीभीत बाईपास रोड पर अक्सर आपको देखने को मिलेगा। यहां पर अक्सर कूड़ा में आग लगा दी जाती है। इससे रोड से निकलने वालों को बहुत समस्या होती हे। शहर के ग्रीन पार्क के पीछे ग्रेटर ग्रीन पार्क के गेट पर भी पूरे माह का कूड़ा उठाने के बजाय जला दिया जाता है। इससे वहां पर भी प्रदूषण खूब फैलाया जा रहा है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम ने शहर के अलग-अलग एरिया में देखा तो पीलीभीत बाईपास रोड स्थित ग्रेटर ग्रीन पार्क के गेट, बियावानी कोठी और सिविल लाइंस में ही एक दिन में कूड़ा जलता हुआ मिला। इससे धुआं भी खूब हो रहा था। दिन भर कूड़ा जलता रहा, लेकिन किसी जिम्मेदार ने एक्शन भी नहीं लिया।

दीपावली पर निकल रहा अधिक कूड़ा
दीपावली का त्योहार आने वाला है। इस समय शहर के लगभग सभी घरों में सफाई का काम चल रहा है। हर किसी घर से कूड़ा निकालकर फेंका जा रहा है। शहर के जिस एरिया में भी आप देखेंगे, वहां पर आपको रोड किनारे कूड़े के ढ़ेर जरूर दिखाई देंगे। इसका कारण है कि नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम जो टीम करती है, वह कूड़ा समय पर नहीं उठाती।

अफसर उदासीन
रोड किनारे हो या फिर कॉलोनी के आउटर साइड में कूड़ा अक्सर जलाया जाता है। इस पर अफसर संज्ञान नहीं लेते हैं। अफसर कूड़ा जलाने वालों पर अगर कड़ाई से एक्शन लें तो इस पर अंकुश लगाया जा सकता है। अफसरों का कड़ाई से एक्शन न लेना ही कूड़ा जलाने वालों को शह दे रहा है।

सडक़ किनारे कूड़े के ढेर
शहर के अलग-अलग एरियाज में कई जगह इस समय रोड किनारे कूड़ा का ढेर लगा दिख जाएगा। इससे न सिर्फ शहर में गंदगी दिखाई दे रही है, बल्कि स्मार्टनेस को भी धब्बा लगा रहा है। रोड किनारे कूड़ा का ढेर होने से कई बार तो वह रोड तक फैल जाता है, जिससे राहगीरों को निकलने में काफी प्रॉब्लम होती है। कुछ इस तरह का दृश्य आपको सुभाषनगर थाना रोड, कटरा चांद खां, जंक्शन रोड, मढ़ीनाथ और मिनी बाईपास रोड पर भी देखने के लिए मिल जाएगा।