बरेली(ब्यूरो)। भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक युवक पत्नी के साथ बराबर जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाता चला आ रहा था। एक दिन साहस कर जब महिला ने इस की शिकायत सास व ननद से की तो उन्होंने उसे दो टूक कह दिया कि घर में रहना है तो यह सब करना ही होगा। इस पर एक दिन उस ने पति की फरमाइश पूरी करने से इनकार कर दिया। परिणाम यह हुआ कि उस ने पत्नी को मारपीट कर घर से ही निकाल दिया। पीडि़ता ने पुलिस से कंप्लेंट कर कार्रवाई की मांग की है।

यह है मामला
पीडि़ता ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उस का निकाह हल्द्वानी निवासी युवक के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से वह उसके साथ जबरन अप्राकृतिक सेक्स करने लगा। घर न बिगड़े इस लिए वह कुछ समय तक इसे सहन करती रही, लेकिन पति अपनी हरकत से बाज नहीं आया। परेशान हो कर उसने सास और ननद को इस विषय में बताया। आरोप है कि उन लोगों ने भी कहा कि घर में रहना है तो यह सब करना होगा। युवती ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व उसका पति दुकान पर था तब दोपहर में उस का जेठ कमरे में आया और उस से छेड़छाड़ करते हुए हवस का शिकार बनाने की कोशिश करने लगा। इस विषय में उसने जेठ को बताया, लेकिन उस ने उन से कुछ नहीं कहा। महिला के अनुसार 14 मई की रात में पति नशे की हालत में घर आया और फिर अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा। आरोप है कि जब उस ने इस का विरोध किया तो उस ने मारपीट कर बच्चे के साथ उसे घर से निकाल दिया। किसी तरह वहां से वह रिश्तेदार के घर लालकुआं पहुंची। पता चलने पर पिता व भाई आदि ने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग नहीं माने। तब महिला ने पुलिस से कंप्लेंट की।

केस 1
महिलाओं के प्रति इस तरह के अपराध एक दो नहीं जनपद ही नहीं मंडल में भी नजर डालें तो आए दिन इस तरह के केस सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला सितंबर 2022 में प्रेमनगर क्षेत्र में सामने आया था, जिस में युवक ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस के बाद साली को अश्लील मैसेज और वीडियो भेज कर 50 हजार रुपए की मांग की। पीडि़ता की कंप्लेंट पर एफआईआर पंजीकृत की गई थी।

केस 2
2021 के एक मामले में एक युवक ने पत्नी को कमरे में बंद करजबरन अप्राकृतिक संबंध बनाए। विरोध करने पर मारपीट की। आए दिन की जिल्लत भरी जिंदगी से परेशान हो कर महिला मायके चली गई। इसके बाद युवक लिखित समझौता कर उसे अपने घर ले गया। वहां उस के साथ एक बार फिर वह ही सब किया। इस से विवाहिता की हालत बिगड़ गई। इस पर आरोपित ने रात में उसे घर से निकाल दिया। मायके में रहने के दौरान ससुरालीजन वहां भी आ गए और उस पर जानलेवा हमला किया। कंप्लेंट पर चार लोगों के विरुद्ध एफआईआर पंजीकृत की गई थी।

केस 3
एक अन्य मामले में महिला के अनुसार पति द्वारा उसे घर से निकाल दिया गया। वह दर-दर भटकने लगी। उस ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन पति के रसूख के चलते रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। महिला के अनुसार 29 जून 2022 की रात 9 बजे वह एक होटल में बेटे की बर्थडे पार्टी कर रही थी। इस दौरान उस का पति, पत्नी व बच्चे से मिलने के बहाने होटल में आया और मीठी-मीठी बातें कर उसे कमरे में ले गया। इस दौरान उस के साथ जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाया और वहां से खिसक गया। महिला ने जब एडीजी को अपनी पीड़ा बताई तो उन के आदेश पर पुलिस ने आरोपित सुमित सचदेवा के विरुद्ध एफआईआर पंजीकृत की थी।