-सीबीगंज के तिलियापुर में लड़कियों से छेड़छाड़ के मामले में लगी पंचायत

-पंचायत बोली आरोपियों से निकाह हो, लड़कियों ने की न

BAREILLY: सीबीगंज में नेत्रहीन की बेटियों के साथ रेप का मामला छेड़छाड़ तक जा पहुंचा। जिसके बाद गांव में पंचायत लगी। पंचायत ने फरमान सुनाया कि लड़कियों का आरोपियों से निकाह कर दिया जाए लेकिन लड़कियों ने निकाह से न कर दी। वहीं पिता ने भी कहा कि जो बेटियां कहेंगी वह वही करेंगे। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को मुकदमा दर्ज करने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने पंचायत की जानकारी होने से इनकार कर दिया है।

छेड़छाड़ का दर्ज हुआ थ्ा मुकदमा

बता दें कि सैटरडे रात में तिलियापुर में नेत्रहीन की दो बेटियों के साथ घर में घुसकर रिश्तेदार युवकों ने रेप किया था। पड़ोसियों ने आहट सुनकर आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। संडे को दिन भर चलता रहा कि लड़कियों से लड़कों का निकाह करा दिया जाए। इसके चलते ही लड़की के पिता ने कोई तहरीर भी नहीं दी। हालांकि बाद में पिता ने बेटियों से घर में घुसकर छेड़छाड़ की तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

आरोपियों को बचाने की कोशिश

बताया जा रहा है कि मंडे को इस संबंध में गांव में पंचायत लगी। पंचायत में सलाह दी गई कि आरोपियों से लड़कियों की शादी करा दी जाए। जिससे लड़कियों का निकाह भी हो जाएगा और आरोपियों को भी कुछ राहत मिल जाएगी। जब इस बारे में लड़कियों को पता चला तो उन्होंने निकाह से इनकार कर दिया। जिसके बाद पिता ने भी कहा कि उसकी जो बेटियां चाहती हैं वह वही करेगा।