- एक साथ दो मासूम के अपहरण से फैली सनसनी, बच्चा चोर गैंग का हाथ होने की आशंका

- एक किला छावनी तो दूसरी हाफिजगंज की घटना, आईजी ने दिये कार्रवाई के निर्देश

बरेली : चौकी चौराहे से पांच माह की मासूम का अपहरण कर लिया गया। मासूम का सौदा होते-होते रह गया। यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि मंगलवार को एक साथ दो-दो मासूमों का अपहरण कर लिया गया। एक साथ दो अपहरण की सूचना से सनसनी फैल गई। अपहरण की कहानी के पीछे बच्चा चोर गैंग सक्रिय होने की आशंका बढ़ गई है। आईजी रमित शर्मा ने खुद मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। एक किला व दूसरा हाफिजगंज का मामला है।

सुभाषनगर के मढ़ीनाथ निवासी ट्रक चालक बंटी यादव पिछले काफी समय से किला छावनी स्थित ससुराल में किराए पर परिवार सहित रहते हैं। पत्नी प्रीती घरों में खाना-बनाने का काम करती हैं। बंटी के मुताबिक, आठ अगस्त सुबह करीब साढ़े आठ बजे प्रीती रोज की तरह काम पर निकल गईं। पड़ोस के रहने वाली महिला के बेटे के साथ बेटा देव यादव खेल रहा था। प्रीती जब वापस लौटी तो बेटा घर पर नहीं था। पड़ोस की महिला का बेटा घर पर था। उससे देव के बारे में पूछा गया तो वह कोई जानकारी न दे सका। इसके बाद स्वजन ने तलाश शुरू की। कोई जानकारी न मिलने पर किला पुलिस को सूचना दी। किला पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की। तफ्तीश में जुटी किला पुलिस को सीसीटीवी में देव अलखनाथ मंदिर में जाते हुए दिख रहा है। इंस्पेक्टर किला राजकुमारी तिवारी ने बताया कि देव के साथ एक और लड़का था। दोनों डेढ़ बजे तक मंदिर में दिख रहे हैं। आगे की सीसीटीवी देखे जा रहे हैं। उसी के बाद देव के बारे में जानकारी हो सकेगी।

अनहोनी की आंशका

बेटे के अपहरण के बाद स्वजन ने आईजी से मदद की गुहार लगाई। स्वजन ने पड़ोस की रहने वाली महिला व उसके बेटे पर ही संदेह व्यक्त किया है। प्रीती ने बताया कि पड़ोस की रहने वाली महिला ने करीब एक सप्ताह पहले से ही किराए पर रहना शुरू किया है। ऐसे में अनहोनी की आशंका बढ़ गई है।

छात्रा लापता, अनहोनी की आशंका

हाफिजगंज रिठौरा के मुहल्ला मोहनपुर निवासी लाला राम मौर्य की 12 वर्षीय बेटी सोमवती उर्फ सुमन कस्बे के एक इंटर कालेज में कक्षा छह की छात्रा है। पिता के अनुसार, उनकी बेटी को प्राथमिक विद्यालय रिठौरा से खाद्यान्न की पर्ची मिली थी। सोमवार को वह दोपहर एक बजे अनाज लेने की बात कहकर रिठौरा आई थी, मगर देर शाम तक वह घर नहीं पहुंची। स्वजन ने रिश्तेदारों में उसकी तलाश की मगर सुराग नहीं लगा। फिलहाल, मामले की सूचना चौकी पुलिस की दी गई है। स्वजन ने अनहोनी की आशंका जताई है।

दोनों मामलों में पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये गए हैं। थाना पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।

- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी