बरेली(ब्यूरो)। दिल्ली में बाढ़ हर तरफ तबाही मचा रही है। इससे एक ओर जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा हैै, वहीं व्यापार पर भी इसका दुष्प्रभाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली में आए इस जल संकट से ट्रेन सफर के साथ ही बसों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाले पैसेंंजर्स की संख्या पहले की अपेक्षा काफी कम हो गई है। दिल्ली में आई इस बाढ़ का असर अपने सिटी में भी पडऩे लगा है।

बिजनेस भी प्रभावित
सिटी से दिल्ली की कनेक्टिवटी इसलिए अधिक है कि व्यापारी सबसे अधिक बिजनेस परपज से दिल्ली को ही जाते हैं। इसमें सबसे अधिक जो बिजनेस प्रभावित हो रहा है, वह डेली नीडस की वस्तुओं का है। दैनिक रूप से प्रयोग होने वाला जरूरी सामान दिल्ली से ही आता है। इसमें दालें, मसाला, ड्राई फ्रूट्स, कास्टमेटिक और अदर यूटिलिटी प्रोडक्ट्स अब उपलब्ध नहीं आ पा रहा है। व्यापारियों की मानें तो सामान्य मौसम में बरेली के लिए करीब 25-30 ट्रक डेली आते थे। जो अब बारिश और बाढ़ के चलते नहीं आ पा रहे हैं। इससे डेली नीडस के सामान की आपूर्ति बाधित हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि अभी तो स्टॉक में इतना सामान है, जिसे वो सेल कर रहे हैं, लेकिन अगर अधिक समय तक दिल्ली में बाढ़ की समस्या हुई तो इसका बरेली में भी असर दिखेगा।

पैसेंजर संख्या में आई गिरावट
आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि दिल्ली में बाढ़ की समस्या का प्रभाव रोडवेज बसों के संचालन पर भी देखने को मिल रहा है। यहां से दिल्ली जाने वाली बसों का संचालन जारी हैै। बसें कौशांबी और आंनद विहार तक जा रही हैं। वहीं यात्रियों की संख्या में पहले की अपेक्षा काफी गिरावट हुई है। यह गिरावट दिल्ली वाले मार्ग पर अधिक है। पहले जहां प्रति दिन एक करोड़ 10 लाख रुपए की आय होती थी, अब घटकर 90 लाख रुपए प्रतिदिन रह गई है।

बसों का हाल
बरेली-दिल्ली की अधिकांश बसों में पैसेंजर टीवी पर दिल्ली का मंजर देखने के बाद नहीं जा पा रहे हैैं। फ्राइडे को दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम जब ओल्ड रोडवेज बस स्टैैंड पहुंची तो दिल्ली जाने वाली बसों का हाल अलग ही नजर आया। ड्राइवर सवारी भरने के लिए बाहर आवाज लगा रहा था, लेकिन बस निकलने से 15 मिनट पहले तक गिनती की सवारी ही बस में बैठी थीं। बस में मौजूद दो सवारियों ने बताया कि दिल्ली में उनका घर है, वह बरेली काम से आए थे।

व्यपारियों की बात
दिल्ली में बाढ़ के कारण डेली आने वाला सामान नहीं आ पा रहा है। इस कारण सप्लाई प्रभावित होने लगी है। ट्रक से ही सप्लाई आती है। बारिश मे मार्ग अवरुद्ध होने के कारण वो नहीं आ पा रहे हैं।
आयुष गुप्ता, व्यापारी

डेली यूज होने वाला जरूरी सामान दिल्ली से ही आता है। डेली करीब 25 ट्रक सामान तो बरेली में ही आता है। बारिश और बाढ़ के चलते ट्रक नहीं मिल पा रहे है। इससे अब माल की सप्लाई प्रभावित हुई है।
सचिन गुप्ता, व्यापारी