- शहर में गणपति विसर्जन की धूम, समितियों ने देर शाम नियत स्थान पर किया विसर्जन

- मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं में श्रद्धालुओं ने लिया बढ़चढ़ कर हिस्सा, हुए सम्मानित

BAREILLY:

जय गणेश देवा, अगली बरस तू जल्दी आना व गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरिया के जयकारों से शहर गूंज उठा। मौका था, गणेश चतुर्थी पर वेडसनडे को पांडालों में स्थापित गणेश प्रतिमा विसर्जन का। इसमें श्रद्धालुओं में आस्था और उम्मीद का संगम दिखा। मराठा बुलियन व अन्य गणेशोत्सव समितियों ने शोभायात्रा निकालकर देर रात रामगंगा पहुंचकर गणेश विसर्जन किया और जयकारे लगाए। विसर्जन में गणेश महोत्सव समिति शाहदाना, खंडेलवाल मंदिर नया टोला, श्री गणेश सेवा समिति बांसमंडी, श्री गणेश देवा मेवामंडी कटरा चांद खां समेत करीब 14 समितियों ने विसर्जन किया।

नाचते गाते झूमते किया विसर्जन

मराठा बुलियन श्री गणेश महोत्सव समिति की शोभायात्रा में स्थानीय श्रद्धालुओं समेत महाराष्ट्र से आए लोगों ने हिस्सा लिया। शुरुआत घी मंडी से होकर, शिवाजी मार्ग, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, साहूकारा होते हुए किला फाटक से होते हुए रामगंगा रवाना हुई। इसमें शामिल सैकड़ों लोगों ने महाराष्ट्र से आए कलाकारों की परफॉर्मेस देखी। मराठी धुनों पर लोग झूमते नाचते रहे। विसर्जन के रास्ते में मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। करीब सौ से ज्यादा जगहों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। जिसमें युवाओं ने बढ़चढ़ कर भागेदारी की। गणेश की विशाल प्रतिमाओं के साथ ही घरों से विसर्जन के लिए रामगंगा जाती हुई छोटी प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

मराठा बैंड और कलाकारों की परफॉर्मेस

मराठा बुलियन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पाटिल और गणेश सावंत ने बताया कि गणेश विसर्जन के शुभ मौके पर महाराष्ट्र के सांगली से जय महाराष्ट्र लोकनृत्य पार्टी बुलाई थी। जिसमें 60 गोविन्दाओं और 20 कलाकारों ने शोभायात्रा में अपना हुनर दिखाया। डीजे की धुन पर कलाकारों ने मंजीरा और झांझर की धुन सुनाते हुए पारंपरिक नृत्य और पुष्पवर्षा के जरिए समां बांध दिया। इसके अलावा गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आना सरीखे गीतों पर कई झांकियां निकाली। जिसमें श्री गणेश परिवार, राधा कृष्ण व अन्य देवी देवताओं की झांकियां शामिल थीं। शोभायात्रा के दौरान दौरान विनर बनती जा रही टीमों को सम्मानित किया गया।