- थर्सडे को सामूहिक रूप से सैकड़ों गणेश प्रतिमाओं का श्रद्धालुओं ने किया विसर्जन

BAREILLY:

सात दिनों से पांडालों में विराजमान गणेश प्रतिमाओं का थर्सडे को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच धूमधाम के साथ विसर्जन किया गया। वेडनसडे को आलमगीरीगंज से गणेश प्रतिमा विसर्जन से शुरू हुआ विसर्जन का सिलसिला थर्सडे को भी जारी रहा। श्री शिव शक्ति दुर्गा जी धाम मंदिर पर श्री गणेशोत्सव का समापन हुआ। शहर की दूसरी विशाल शोभायात्रा का शुभारंभ विधि विधान से पूजन, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इसमें देवों के प्रतीकात्मक स्वरूपों की झांकियां, घुड़सवार, गुलाल उड़ाते होरियारे बरबस ही लोगों को अपनी ओर आकृष्ट कर रहे थे।

शोभायात्रा में लहराया तिरंगा

अमित अरोड़ा ने बताया कि यात्रा में सबसे आगे घुड़सवार हाथों में तिरंगा लहराते चल रहे थे। जिसके पीछे चंदौसी के बैंड पार्टी, पंजाबी ढोल पर श्रद्धालु थिरकते हुए चल रहे थे। सबसे पीछे आतिशबाजी का नजारा देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा बिहारीपुर खत्रियान से शुरू होकर शाम करीब 5 बजे तक किला फाटक पर समाप्त हुई। इस दौरान श्री नाथ नगरी सेवा समिति के पदाधिकारियों ने यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया। श्री गणेश की प्रतिमा के साथ ही अन्य घरों में रखी गई प्रतिमाओं का भी सामूहिक विसर्जन किया गया। इसके बाद देर शाम रामगंगा पहुंचकर प्रशासन की ओर से बनाए गए तयशुदा विसर्जन स्थल पर विसर्जन किया गया। बता दें कि थर्सडे को शहर से करीब 24 समितियों ने श्री गणेश विसर्जन किया है।