- 81.37 परसेंट हुई तीसरे चरण में वोटिंग

- केंद्र पर बुजुर्गो का हौसला देखते ही बना

BAREILLY: तीसरे चरण का चुनाव सैटरडे को चार ब्लॉकों में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। सुबह सात बजे से शाम साढ़े चार बजे तक चले मतदान में जमकर वोट बरसे। 323 ग्राम पंचायतों के 401 केंद्रों पर टोटल 81.37 परसेंट वोट पड़े। तीसरे चरण में बिथरीचैनपुर, फरीदपुर, भुता और भदपुरा ब्लॉक में हुए वोटिंग में संवेदनशील, अतिसंवेदनशील और प्लस केंद्रों पर भी लोगों ने खुलकर मतदान किया।

सुबह से ही लग गयी लाइन

ग्राम प्रधान और सदस्य पद के लिए चारों ब्लॉकों में 2,514 ग्राम प्रधान व 4,527 सदस्य पद के उम्मीदवार मैदान में हैं। अपने-अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को वोट देने के लिए लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। सुबह सात बजे से मतदान केद्रों पर वो‌र्ट्स की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। क्या बुजुर्ग, महिला और युवा सभी में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के प्रति अवेयरनेस दिखी। इसी का नतीजा रहा कि जिले में टोटल 81.37 परसेंट वोटिंग हुई।

11 से 1 बजे के बीच सबसे अधिक वोट पड़े

सुबह की अपेक्षा दोपहर 11 से 1 बजे के बीच तीसरे चरण में सबसे अधिक मतदान का परसेंटेज रहा। इस दौरान करीब 22 परसेंट वोट पड़ा। सुबह ठंड थोड़ा अधिक रहने और कोहरा होने के चलते वोटर्स घर से निकलना मुनासिब नहीं समझे। अगले दो घंटे में मतदान का परसेंटेज 14.78 रहा।

फोर्स ने संभाला मोर्चा

तीसरे चरण चुनाव में प्रशासन और पुलिस प्रशासन अमला काफी अलर्ट रहा। चुनाव में सुरक्षा की दृष्टि से एसआई, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, होमगार्ड, थाना मोबाइल, थाना एक्स्ट्रा मोबाइल, थाना रिजर्व, क्लस्टर मोबाइल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी रही। इसके साथ ही डीएम गौरव दयाल, एसएसपी धर्मवीर सिंह और सीडीओ शिव सहाय अवस्थी ने भी मतदान केंद्र पर जाकर मतदान की स्थिति की जायजा लिया। अधिकारियों की नजर अतिसंवेदनशील, संवेदनशील और संवेदनशील प्लस केंद्रों पर प्रमुख तौर पर रही। हालांकि, तीसरे चरण के मतदान में किसी भी केंद्र से किसी घटना की सूचना नहीं रही।

ड्रोन की नजर में कैद हुआ चुनाव

प्रधानी चुनाव में अधिकारियों ने ड्रोन का भी सहारा लिया। बिथरीचैनपुर ब्लॉक मोहनपुर प्राथमिक विद्यालय में फर्जी वोट डाले जाने की सूचना पाकर मौके पर डीएम गौरव दयाल और एसएपी धर्मवीर सिंह भी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान इन्होंने मतदान केंद्र पर चुनाव के माहौल और खुराफातियों को कैमरे में कैद करने के लिए ड्रोन को भी हवा में उड़ाया। कुछ देर आला अधिकारियों ने भुता, फरीदपुर, भदपुरा और बिथरीचैनपुर के अन्य केंद्रों पर जाकर भी मतदान के माहौल को देखा।

केंद्रों की संख्या - 401

टोटल 81.37 परसेंट हुई वोटिंग

कब-कब कितनी हुई वोटिंग

7 से 9 बजे तक -14.08

9 से 11 बजे तक - 33.66

11 से 1 बजे तक -54.52

1 से 3 बजे तक -68.08

3 बजे से वोटिंग तक -81.37

किस ब्लॉक से कितने प्रधान उम्मीदवार हैं मैदान में

प्रधान उम्मीदवार - 2514

सदस्य उम्मीदवार - 4527

ब्लॉक - ग्राम पंचायत - प्रधान उम्मीदवार

बिथरीचैनपुर - 74 - 540

फरीदपुर - 78 - 638

भुता - 92 - 690

भदपुरा - 79 - 646