बरेली(ब्यूरो)। सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा बीडीए द्वारा शानदार पहल की गई है। बीडीए की ओर से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जीवन चरित्र और भारतीय संस्कृति के विभिन्न आयामों से भावी पीढ़ी को रूबरू कराने के लिए राम गंगानगर में ग्रीन रामायण वाटिका को विकसित किया जा रहा है। 22.8 करोड़ की लागत से 33000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में रामायण वाटिका का निर्माण शुरू हो गया है। बीडीए अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से भावी पीढ़ी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम और भारतीय संस्कृति से भी परिचित होगी।


पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
रामायण वाटिका के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। ग्रीन रामायण वाटिका में चित्रकूट, दंडकारण्य, पंचवटी, शबरी आश्रम, किष्किंधा, अशोक वाटिका, पंपा सरोवर की संकल्पना को साकार किया गया है। भगवान राम चौदह वर्षों में वन गमन के दौरान जिन स्थानों पर गये, जहां उन्होंने विश्राम किया। वहां के पौधों और वनस्पतियों को भी वाटिका में रोपा जाएगा। इससे बरेली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

यह भी जानें
22.8 करोड़ की लागत से हो रही तैयार
33000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैली होगी वाटिका
04 दिशाओं में बनाए जा रहे प्रवेश द्वार
134 लाख रुपए द्वार पर पत्थर की लागत
2023 जुलाई तक होगा प्रवेश द्वार का कार्य पूरा

प्रसंगों को पत्थर पर उकेरा जाएगा
बीडीए उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रीन रामायण की संकल्पना के साथ वाटिका की दीवारों पर भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को पत्थरों से उकेरा जाएगा। वाटिका में भगवान विष्णु के सभी 10 अवतारों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दुर्लभ पौधों, वृक्षों और वनस्पतियों के संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है। वाटिका में पहुंचते ही भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान से जुड़े सभी प्रसंग और संस्मरण दीवारों पर प्रदर्शित होंगे। रामायण वाटिका को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा इसमें औषधीय पौधे जैसे चित्रकूट में आम, ब्राह्मी, असना, नीम आदि पौधे रोपित किए जाएंगे। बच्चों के खेलने के लिए पार्क, ओपन एयर थियेटर, क्लॉक टावर का निर्माण होगा।


बनेंगे राम व लक्ष्मण द्वार
बीडीए चारों दिशाओं में भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण करवा रहा है, जिसका 80 प्रतिशत से अधिक निर्माण हो चुका है। इस पर पत्थर लगाया जा रहा है। बीडीए वीसी ने बताया कि इन्वर्टिस क्रॉसिंग के पास राम द्वार, झुमका तिराहे पर लक्ष्मण द्वार, बदायूं रोड पर जुएं की पुलिया के पास भरत द्वार, बीसलपुर रोड पर हनुमान द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। हनुमान द्वार के अलावा सभी का कार्य लगभग पूरा हो गया है। प्रत्येक द्वार की लागत 95 लाख है। एक प्रवेश द्वार पर पत्थर लगाने की लागत करीब 134 लाख रुपये है। जुलाई 2023 तक प्रवेश द्वार के निर्माण, सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा।