-सुभाष नगर में बंद पड़ी गन्ना मिल में बना रहा था अवैध शस्त्र

बरेली : बरेली पुलिस एक के बाद एक ताबड़तोड़ अवैध शस्त्र फैक्ट्री पकड़ रही है। अब एक बार फिर से सिटी एरिया में ही अवैध शस्त्र की फैक्ट्री पकड़ी गई है। यह फैक्ट्री सुभाष नगर थाना अंतर्गत बदायूं रोड पर बंद पड़ी गन्ना मिल के खंडहर में चल रही थी। पुलिस ने मौके से एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से काफी संख्या में निर्मित और अ‌र्द्ध निर्मित असलहे और असलहे बनाने का सामान बरामद हुआ है। लगातार शस्त्र फैक्ट्री पकड़ कर पुलिस भले ही अपनी पीठ थपथपा रही हो लेकिन एक सवाल जरूर खड़ा हो रहा है कि अचानक इन शस्त्र फैक्ट्रियों की सूचना पुलिस को कैसे लग गई। इससे पहले पुलिस ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की थी या फिर यूं कहें कि पुलिस की शह पर ही यह फैक्ट्रियां चल रही थीं। पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर की रात में 9 लोगों को शस्त्र अधिनयम के तहत गिरफ्तार कर उनके पास से तमंचे व चाकू बरामद किए हैं।

मुखबिर ने दी सूचना

सुभाष नगर पुलिस के मुताबिक एसआई विक्रम सिंह बदायूं रोड पर मंडेरा के पास चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बंद पड़ी गन्ना मिल में एक व्यक्ति अवैध शस्त्र बना रहा है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस टीम के साथ फैक्ट्री में छापा मारा तो वहां पर मुकेश उर्फ मुन्ना निवासी नेकपुर हथियार बना रहा था। पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया। मौके से पुलिस को दो देसी बंदूक 312 बोर, तीन तमंचे 312 बोरद्व दो तमंचा 315 बोर, एक अर्ध निर्मित तमंचा 315 बोर के अलावा कारतूस और हथियार बनाने का सामान भी बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ आ‌र्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।